Noida News: आबादी के बीच बिक रहे प्रतिबंधित पटाखे

कोतवाली से चंद कदम दूर रेलवे रोड पर भी सजाईं दुकानें, रोकने के लिए नहीं हुई प्रभावी कार्रवाईग्रेटर नोएडा (संवाद)। दादरी में शनिवार को घनी आबादी वाले इलाकों में पटाखे बिकते रहे। दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ पटाखों की दुकानें सजी थीं। दादरी कोतवाली से चंद कदम दूर रेलवे रोड पर भी बिक्री जारी रही। सब्जी मंडी से आरओबी तक सड़क किनारे कई दुकानें सजी थीं। एक दुकानदार ने बताया कि वह आम दिनों में सब्जी बेचता है। हालांकि, दो दिन के लिए सब्जी की जगह पटाखे बेच रहा है।इसके अलावा कई दुकानों पर सजावटी सामान, मोमबत्तियों और मिठाइयों के साथ पटाखे भी रखे गए थे। प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री के बावजूद इन दुकानों पर कोई रोकटोक नजर नहीं आई। बिक्री के लिए चुने गए अधिकांश स्थान घनी आबादी वाले इलाके हैं। यहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। रेलवे रोड पर भी बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। ऐसे में रिहायशी और व्यस्त बाजारों में पटाखों की खुलेआम बिक्री से लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू प्रतिबंधों की प्रभावशीलता भी सवालों के घेरे में है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 07, 2026, 19:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Noida News: आबादी के बीच बिक रहे प्रतिबंधित पटाखे #BannedFirecrackersBeingSoldInPopulatedAreas #SubahSamachar