बदायूं को बड़ी सौगात: अब दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा, रेलवे ने इस ट्रेन के विस्तार को दी हरी झंडी
लंबे समय से रेल सुविधा की मांग कर रहे बदायूं के लोगों के लिए आखिरकार बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार ने बरेली-नई दिल्ली एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 14315/14316) का विस्तार बदायूं होते हुए कासगंज रेलवे स्टेशन तक करने की मंजूरी दे दी है। अब जिले के हजारों यात्रियों को सीधे राजधानी दिल्ली तक आवागमन की सुविधा मिल सकेगी, जिससे यात्रा और भी सुगम हो जाएगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में इस बात की पुष्टि की गई है। यह स्वीकृति केंद्रीय राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा द्वारा 20 नवंबर 2025 को भेजे गए पत्र के संदर्भ में प्रदान की गई है। रेल मंत्रालय के इस निर्णय को क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। बदायूं से दिल्ली का सफर हुआ आसान केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि बदायूं सहित आसपास के जिलों के लोगों को अब दिल्ली जाने के लिए अतिरिक्त ट्रेनों या बार-बार साधन बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यह ट्रेन सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा अधिक आरामदायक होगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देगी। गौरतलब है कि इस मांग को लेकर बदायूं के सांसद आदित्य यादव ने भी लोकसभा में मुद्दा उठाया था। अब इसे मंजूरी मिल गई है। स्थानीय स्तर पर इस निर्णय को लेकर लोगों में खुशी का माहौल है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 24, 2026, 15:04 IST
बदायूं को बड़ी सौगात: अब दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा, रेलवे ने इस ट्रेन के विस्तार को दी हरी झंडी #CityStates #Bareilly #Budaun #UttarPradesh #BareillyIntercityExpress #Railway #Train #BudaunToDelhiTrain #SubahSamachar
