Siddharthnagar News: बा की बेटियों को मिलेगी इंटर तक शिक्षा
संवाद न्यूज एजेंसीतुलसियापुर। बढ़नी ब्लाॅक के अहिरौला में बेटियों को पढ़ाई करने के लिए अब दूसरे स्कूलों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। आठवीं तक पढ़ने वाली बेटियां अब आगे की पढ़ाई भी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पूरी कर सकेंगी। अहिरौला में बन रहे इस विद्यालय में अब आठवीं की जगह 12वीं तक की पढ़ाई और हॉस्टल सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। उम्मीद है कि नए सत्र से छात्राएं कस्तूरबा विद्यालय परिसर में रहकर ही कक्षा 12वीं तक शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी। लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस विद्यालय में कक्षा नौ से 12 तक की पढ़ाई होगी और कक्षा नौ में 100 छात्राओं का एडमिशन होगा।बढ़नी ब्लाॅक के भरौली में वर्तमान समय में कस्तूरबा गांधी विद्यालय संचालित है, जहां छात्राओं को आठवीं तक की पढ़ाई के लिए व्यवस्थाएं मिलती हैं। ऐसे में कक्षा नौ की पढ़ाई के लिए छात्रों को बाहर न जाना पड़े। इसके लिए व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं, जिसमें उन्हें रहने के साथ आवासीय सुविधा के अलावा कक्षा नौ की पढ़ाई भी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। इसके लिए बढ़नी ब्लॉक के अहिरौला में एकेडमिक ब्लॉक और हॉस्टल का निर्माण कार्य करीब-करीब तैयार हो चुका है। बाउंड्रीवॉल अभी नहीं बना है। करीब 90 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अधिकारियों को उम्मीद है कि नए सत्र से पहले सभी भवन पूरी तरह तैयार कर लिए जाएंगे। इससे आठवीं पास करने वाली छात्राओं को इस नए विद्यालय में एडमिशन मिल सकेगा और उनकी पढ़ाई में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आएगा। इस संबंध में बीएसए शैलेश कुमार ने बताया कि कागजी प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही विद्यालय संचालन के संबंध में कार्य किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 01:04 IST
Siddharthnagar News: बा की बेटियों को मिलेगी इंटर तक शिक्षा #SIDDHARTHNAGARNEWS #SubahSamachar
