Kaithal News: बरवाला के डाड गांव में बनेगा बेनीवाल खाप का डिजिटल चबूतरा
कैथल। अखिल भारतीय बेनीवाल खाप का आधुनिक और डिजिटल चबूतरा हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव डाड में बनाया जाएगा। करीब 7 करोड़ रुपये बनने वाले इस परियोजना को लगभग तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। चबूतरे के साथ एक भव्य भवन का भी निर्माण होगा, जिसमें समाज के शैक्षिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह निर्णय जिला कैथल में हुई बेनीवाल खाप की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जाट धर्मशाला कैथल के प्रधान गोवर्धन बेनीवाल ने की, जबकि संचालन खाप के सचिव सुभाष बेनीवाल बूढ़ा खेड़ा ने किया। प्रधान गोवर्धन बेनीवाल ने बताया कि गांव डाड के बेनीवाल समाज ने चबूतरे के निर्माण के लिए भूमि निशुल्क उपलब्ध कराई है। यह चबूतरा खाप की पहचान और मुख्यालय के रूप में कार्य करेगा। इसके साथ बनने वाले भवन में आधुनिक पुस्तकालय स्थापित किया जाएगा, जो विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा। इसके अलावा समाज की बैठकों, सम्मेलनों, सामाजिक कुरीतियों पर चर्चा और वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए भी भवन का उपयोग किया जाएगा। गरीब परिवारों को विवाह समारोह के लिए नाममात्र शुल्क पर यह सुविधा उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत कर पारित किया गया तथा रजिस्ट्रार को वार्षिक प्रतिवेदन भेजने के लिए प्रांतीय प्रधान को अधिकृत किया गया। बैठक में ये निर्णय लिया गया कि चबूतरे की आधारशिला रखे जाने के अवसर पर बेनीवाल गोत्र के सभी लोगों को आमंत्रित किया जाएगा और निर्माण कार्य में समाज का सहयोग लिया जाएगा। बैठक में बैठक में प्रांतीय प्रधान भारत सिंह बेनीवाल और खाप की कार्यकारिणी के अलावा सुरजीत बेनीवाल, रणधीर सिंह, रामफल, सत्यवान, बलजीत सिंह, ताराचंद बेनीवाल, जसवीर, अजय, रोहित, धर्मवीर बेनीवाल, जसमेर बेनीवाल और गुरपाल सिंह मौजूद रहे। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 27, 2026, 02:43 IST
Kaithal News: बरवाला के डाड गांव में बनेगा बेनीवाल खाप का डिजिटल चबूतरा #BeniwalKhap'sDigitalPlatformToBeBuiltInBarwala'sDadVillage. #SubahSamachar
