भागीरथी की पुकार : दावों में निर्मल पर हकीकत में मैली हो रही गंगा
गदेरों में पड़ा हुआ मलबा-कूड़ा सहित नालों से हो रही भागीरथी नदी दूषितउत्तरकाशी। नगर क्षेत्र के गदेरे मलबा और कूड़ा संग्रहण केंद्र बने हैं। साथ ही शहर के सीवरेज सहित घरों से निकलने वाले नालों को सीधा भागीरथी नदी में टेप किया गया है। स्थिति यह है कि गदेरों में नालियों और बारिश का पानी आने के कारण कूड़ा सीधा नदी में जा रहा है। जिला प्रशासन और पालिका की ओर से गंगा स्वच्छता के दावे किए जाते हैं लेकिन भागीरथी नदी में जाता कूड़ा और नाले इसकी हकीकत बयां कर रहे हैं। इसके समाधान के अभी तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। जनपद मुख्यालय के नगर क्षेत्र में भागीरथी नदी सबसे अधिक दूषित हो रही है। नगर क्षेत्र के बरसाती नालों में कई टन मलबे के साथ ही कूड़ा पड़ा है। साथ ही इन गदेरों में कई लोगों के नाले भी टेप किए गए हैं। इससे वहां पर आने वाले पानी और बारिश के दौरान यह कूड़ा सीधा भागीरथी नदी में जा रहा है। इसके साथ ही नगर के सीवरेज और सड़क के किनारे बनी सभी नालियों को भी सीधा भागीरथी नदी में टेप किया गया है। सीवरेज और शहर का गंदा पानी भी नदी में जाने के कारण इसके धार्मिक और पर्यावरणीय संतुलन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से केदारघाट और तिलोथ पुल के बीच में नालों के पानी को रोकने के लिए टैकों का निर्माण किया गया लेकिन इन्हें अनियोजित तरीके से बनाया गया है। टैंकों से सीवरेज का पूरा पानी ओवरफ्लो होकर भागीरथी नदी में जा रहा है। साथ ही गदेरों में पड़ा मलबा और कूड़ा मानसून सीजन में आपदा के रूप में बड़ा खतरा बन सकता है। क्योंकि बीते वर्ष भी नगर के कई गदेरों में पानी आने के कारण भय का माहौल बन गया था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 25, 2026, 15:24 IST
भागीरथी की पुकार : दावों में निर्मल पर हकीकत में मैली हो रही गंगा #Bhagirathi'sCall:GangaClaimsToBeCleanButActuallyGettingDirty #SubahSamachar
