भोपाल मेट्रो-फोरलेन के काम ने बढ़ाई मुसीबत: भीषण गर्मी में फूटी पाइप लाइन, पानी का संकट, मौके पर पहुंचे मंत्री
एक तरफ 43 डिग्री की भीषण गर्मी और दूसरी तरफ पानी-बिजली की किल्लत ने राजधानीवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। मेट्रो और अयोध्या बायपास निर्माण कार्य के दौरान बार-बार पानी की पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त होने से शहर के कई इलाकों में जल संकट गहराने लगा है। शुक्रवार को करोंद इलाके में कोलार पाइप लाइन फूटने से करीब एक लाख आबादी की पानी सप्लाई प्रभावित हो गई। जानकारी के मुताबिक करोंद चौराहे के पास निर्माण कार्य के दौरान कोलार की मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते पुराने भोपाल के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई। गर्मी के इस दौर में लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर पहुंचे मंत्री, अफसरों को लगाई फटकार जल संकट की सूचना मिलते ही सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर निगम, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और मेट्रो परियोजना के अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने निर्माण एजेंसियों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। 15 दिन में 14वीं बार टूटी पाइप लाइन नगर निगम अधिकारियों के अनुसार पिछले 15 दिनों में निर्माण कार्य के दौरान 14 बार पानी की पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। अयोध्या बायपास परियोजना में ही कई बार खुदाई के दौरान लाइनें टूटने से शहर के अलग-अलग हिस्सों में जलापूर्ति बाधित हुई है। यह भी पढ़ें-भोपाल की रैंकिंग बचाने की जंग, अब बैरसिया और आदमपुर बने सबसे बड़े इम्तिहान आरिफ नगर समेत कई इलाकों में असर आरिफ नगर के पास भी निर्माण कार्य के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से एलआईजी, नारियलखेड़ा, जेपी नगर, चौकसे नगर, टीला जमालपुरा, डीआईजी चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई। निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार एजेंसियों को नोटिस देने और जुर्माना लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। यह भी पढ़ें-खांसते-छींकते छूट जाता है पेशाब,प्रसव के बाद 25% महिलाएं झेल रहीं परेशानी टैंकरों से होगी पानी की आपूर्ति नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकरों से पानी पहुंचाने का फैसला किया है। साथ ही निर्माण एजेंसियों को पहले पाइप लाइन शिफ्टिंग और फिर खुदाई करने के निर्देश दोहराए गए हैं। शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती और पानी की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रहवासी इलाकों में रोजाना बिजली गुल होने की शिकायतें मिल रही हैं, वहीं बार-बार पाइप लाइन टूटने से जल संकट भी गहरा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 29, 2026, 15:56 IST
भोपाल मेट्रो-फोरलेन के काम ने बढ़ाई मुसीबत: भीषण गर्मी में फूटी पाइप लाइन, पानी का संकट, मौके पर पहुंचे मंत्री #CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #SubahSamachar
