Bihar Crime: 50 हजार का इनामी अंतरजिला डकैत गिरफ्तार, लूट के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर भी दबोचा

औरंगाबाद जिले के बारूण थाना क्षेत्र में हुए डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी अंतरजिला डकैत को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। साथ ही चोरी और लूट के जेवर खरीदने के आरोप में एक ज्वेलर कारोबारी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। बारूण थानाध्यक्ष ने सोमवार को बताया कि थाना क्षेत्र के कोचाढ़ गांव निवासी सुनील कुमार की पत्नी स्मृति कुमारी ने 12 जून को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 11 जून की रात 8-9 अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 के एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम को डकैती में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी का जिम्मा सौंपा गया। एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचना के आधार पर बारूण थाना क्षेत्र के चरण मोड़ के पास एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। पूछताछ और सत्यापन में उसकी पहचान गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के लेम्बुआ गांव निवासी रामाधार चौधरी के रूप में हुई। वह 50 हजार रुपये का इनामी अंतरजिला अपराधी है और कई मामलों में वांछित था। पढे़ं:अचानक JDU कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार, नाराज होकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से क्या कहा पूछताछ में रामाधार चौधरी ने कोचाढ़ डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि डकैती में लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण उसने रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के बराव स्थित दुर्गेश ज्वेलर्स के संचालक राजू सेठ को बेच दिए थे। इसके बाद एसआईटी ने दुर्गेश ज्वेलर्स में छापेमारी कर लूटे गए आभूषण बरामद कर लिए और दुकान संचालक राजू सेठ को गिरफ्तार कर लिया। राजू सेठ रोहतास जिले के अगरेर थाना क्षेत्र के कुडनु गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने का टीका, एक जोड़ी टॉप्स, नथ, नाक की कील तथा चांदी की पायल, कटोरा, मछली, पांच पान-पत्ता, पांच कसैली और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस डकैती कांड में इससे पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार रामाधार चौधरी बारूण थाना कांड संख्या 241/26, देव थाना के कंचनपुर कांड संख्या 198/26, अम्बा थाना कांड संख्या 106/26 तथा गया जिले के गुरुआ थाना कांड संख्या 93/22 सहित कई मामलों में वांछित है। इन सभी मामलों में वह अप्राथमिकी अभियुक्त है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 06, 2026, 15:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bihar Crime: 50 हजार का इनामी अंतरजिला डकैत गिरफ्तार, लूट के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर भी दबोचा #CityStates #Crime #Bihar #Gaya #BiharNews #AurangabadNews #AurangabadViralNews #AurangabadHindiNews #AurangabadLatestNews #SubahSamachar