Bihar: नाच-गाने की रंजिश में काटा बवाल, युवक पर चाकू से हमला; हालत गंभीर, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
पश्चिम चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र के खड्डा कुंजलही मलाह टोली गांव में बारात के दौरान शुरू हुआ विवाद अगले दिन हिंसक झड़प में बदल गया। दो समुदायों के युवकों के बीच कहासुनी और वर्चस्व की लड़ाई ने ऐसा रूप लिया कि एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। हालांकि पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, 19 जून की रात गांव में आई एक बारात के दौरान नाच-गान को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। मामला उस समय शांत हो गया, लेकिन अगले दिन यह विवाद फिर से उभर आया। बताया गया कि शनिवार दोपहर मलाह टोली निवासी हीरामन चौधरी नहर चौक पर अपनी बाइक धुलवाने गए थे। इसी दौरान बारात में हुए पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने हीरामन चौधरी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। सदर एसडीपीओ-2 रजनीकांत प्रियदर्शी, यातायात डीएसपी अतनु दत्ता, नौतन थानाध्यक्ष प्रमोद पासवान, बीडीओ शैलेन्द्र कुमार सिंह समेत कई अधिकारी गांव पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। मुख्य आरोपी गिरफ्तार पुलिस की जांच में सामने आया कि बारात के दौरान हुए विवाद की कड़ी में राजबाबू हवारी ने हीरामन चौधरी पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ये भी पढ़ें-Yoga Day:सीएम सम्राट ने किया अभ्यास, कहा- स्कूलों में पढ़ाया जाएगा इसका पाठ्यक्रम; योग दिवस पर किया बड़ा एलान गांव में पुलिस बल तैनात घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और क्विक एक्शन टीम की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार गांव में कैंप कर रही है और हालात पर नजर बनाए हुए है। घायल युवक का इलाज सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) में चल रहा है। प्रशासन की अपील पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 08:44 IST
Bihar: नाच-गाने की रंजिश में काटा बवाल, युवक पर चाकू से हमला; हालत गंभीर, पुलिस ने आरोपी को दबोचा #CityStates #Muzaffarpur #Bihar #BettiahNews #WestChamparanNews #NautanPoliceStation #KnifeAttackBihar #VillageClash #MainAccusedArrested #BiharCrimeNews #PoliceInvestigation #HiramanChaudhary #RajbabuHawari #SubahSamachar
