बिहार: 20 लाख रुपये लगाकर बनाया घर, महीनों तक भरा रहा बाढ़ का पानी; वैशाली में अधिवक्ता ने दी जान

वैशाली जिले के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के चिश्ती गांव में नवनिर्मित मकान में पटना सिटी व्यवहार न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले 50 वर्षीय अधिवक्ता औरंगजेब उर्फ गुड्डू जी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। इसकी सूचना शनिवार देर रात पुलिस को मिली। इसके बाद गंगा ब्रिज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों के देर से पहुंचने के कारण 17 घंटे बाद भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। शव को मोर्चरी हाउस में रखा गया है। 20 लाख रुपये लगाकर बनाया था आशियाना मृतक की पहचान चिश्ती गांव निवासी मोहम्मद मुमताज के पुत्र औरंगजेब उर्फ गुड्डू जी (50) के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतक पिछले कई वर्षों से पटना सिटी व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रहे थे। करीब चार साल पहले उन्होंने हाजीपुर के चिश्ती में जमीन खरीदकर लगभग 20 लाख रुपये की लागत से अपना मकान बनाया था। हर साल आता था बाढ़ का पानी, इस बार महीनों तक जमा रहा मृतक के दोस्त के अनुसार, गंगा नदी के किनारे बसे इस इलाके में हर साल बाढ़ का पानी घरों में घुस जाता था, लेकिन कुछ दिनों में पानी उतर जाता था। इस वर्ष स्थिति भयावह रही। महीनों तक घर में घुटने भर पानी जमा रहा, जिससे दीवारों में सीलन आ गई, सामान बर्बाद हो गया और रहने में काफी परेशानी होने लगी। इस कारण अधिवक्ता मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे। परिजनों ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से अवसाद से जूझ रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। पुलिस को घटनास्थल पर मृतक के कमरे से अवसाद की दवाइयां भी बरामद हुई हैं। आशंका जताई जा रही है कि लगातार जलजमाव और घर की दुर्दशा से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। बेडशीट का फंदा बनाकर पंखे से लटका मिला शव बताया गया कि औरंगजेब ने अपने कमरे में सीलिंग फैन से बेडशीट का फंदा बनाकर आत्महत्या की। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। ये भी पढ़ें-बिहार में खुला पहला तरकारी आउटलेट: अब उचित कीमत पर मिलेंगी ताजी सब्जियां; 200 केंद्र खोलने की तैयारी सूचना मिलते ही गंगा ब्रिज थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए, जिनमें दवाइयां और अन्य सामान शामिल हैं। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फंदे से लटका हुआ शव बरामद किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। परिजनों के आने के बाद उनका बयान दर्ज कर कागजी कार्रवाई पूरी की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 01, 2026, 15:39 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बिहार: 20 लाख रुपये लगाकर बनाया घर, महीनों तक भरा रहा बाढ़ का पानी; वैशाली में अधिवक्ता ने दी जान #CityStates #Crime #Bihar #Muzaffarpur #HajipurNews #VaishaliNews #HindiNews #BiharNews #SubahSamachar