नालंदा में मामूली विवाद पर मर्डर: तीन दिन पहले छुट्टी पर घर आया था चालक, भीड़ के बीच सिर में मारी गोली

बिहार के नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के पोरई गांव में मंगलवार देर रात गली में बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। विवाद सुलझाने के दौरान पड़ोसी युवक ने 47 वर्षीय ट्रैक्टर चालक सुनील कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। सिर में गोली लगने से सुनील गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और तनाव का माहौल बन गया। मृतक सुनील कुमार पोरई गांव निवासी स्वर्गीय जगदीश महतो के पुत्र थे। लावारिस हालत में खड़ी दो बाइकों को लेकर शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, गांव के टोले की संकरी गली में दो बाइक लावारिस हालत में खड़ी थीं। स्थानीय महिलाओं ने बाइक के मालिकों के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद वार्ड पार्षद को इसकी सूचना दी गई और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया गया। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले दो भाई सौरभ कुमार और गौरव मौके पर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि दोनों बाइक उनके रिश्तेदारों की हैं। इसके बाद बाइक खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। समझौते की कोशिश के दौरान सौरभ ने चलाई गोली मृतक के भाई डेविड कुमार और दादी मालती देवी ने बताया कि विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। इस दौरान ग्रामीण और गांव के बुजुर्ग दोनों पक्षों को शांत कराकर मामला सुलझाने की कोशिश कर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच सौरभ अपने घर से हथियार लेकर आया और भीड़ के बीच सुनील कुमार पर गोली चला दी। गोली सुनील के सिर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीन दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे सुनील परिजनों के अनुसार, सुनील कुमार बाहर रहकर ट्रैक्टर चलाने का काम करते थे। वह महज तीन दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। परिवार को उम्मीद नहीं थी कि मामूली विवाद में उनकी जान चली जाएगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। डीएसपी बोले- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन ने बताया कि गली में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी की ओर से गोलीबारी की गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 21, 2026, 07:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




नालंदा में मामूली विवाद पर मर्डर: तीन दिन पहले छुट्टी पर घर आया था चालक, भीड़ के बीच सिर में मारी गोली #CityStates #Crime #Bihar #Patna #BiharNews #SubahSamachar