Bihar : घूस लेते बड़ा बाबू को दबोचा; आठ हजार रुपये लेने के फेर में किस विभाग के कर्मी को निगरानी ने पकड़ा?

शिवहर जिले में बुधवार की शाम निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला कृषि कार्यालय में पदस्थापित बड़ा बाबू (प्रधान लिपिक) बिजेंद्र कुमार गिरी को 8,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी जिला कृषि कार्यालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष से की गई। इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। थ्रेसिंग फ्लोर योजना की अनुदान राशि में खेल मिली जानकारी के अनुसार, बड़ा बाबू बिजेंद्र कुमार एक महिला लाभुक से थ्रेसिंग फ्लोर योजना की अनुदान राशि जारी करने के एवज में 8,000 रुपये की मांग कर रहे थे। महिला ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और बुधवार को जैसे ही रिश्वत की रकम ली गई, टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। निगरानी टीम आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को अपने साथ पटना ले गई, जहां आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिले में राजस्व कर्मचारी को भी पकड़ा गया था नगर थाना अध्यक्ष ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इस घटना के बाद कृषि विभाग समेत अन्य सरकारी दफ्तरों में चर्चा तेज हो गई है। यह हालत तब है, जब इसी वर्ष पूरनहिया प्रखंड में भी राजस्व कर्मचारी रामप्रीत महतो को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए निगरानी विभाग ने गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से यह साफ है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग सख्त रुख अपनाए हुए है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 13, 2026, 21:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bihar : घूस लेते बड़ा बाबू को दबोचा; आठ हजार रुपये लेने के फेर में किस विभाग के कर्मी को निगरानी ने पकड़ा? #CityStates #Muzaffarpur #BiharNews #Sheohar #SubahSamachar