हिमाचल: बिलासपुर की मणी खड्ड में डूबने से 11वीं के छात्र की मौत, नेरवा की शालवी नदी में भी डूबा युवक; मौत
घुमारवीं उपमंडल की पंचायत ननावां की मणी खड्ड में डूबने से 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान अरमान सिंह पुत्र गौतम सिंह निवासी गांव जबल्याणा (गैहरी) के रूप में हुई है। अरमान ग्वालमुठानी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अरमान शनिवार सुबह स्कूल के लिए घर से निकला था। देर शाम तक नहीं लौटा। बेटे के घर न पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने डैहर पुलिस चौकी में उसके लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच में सामने आया कि करीब 11 बजे अरमान तीन अन्य छात्रों के साथ डैहर क्षेत्र में देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने देर रात उसके साथ दिखे एक छात्र से संपर्क किया। पूछताछ में छात्र ने बताया कि वे सभी नहाने के लिए नजदीक स्थित मणी खड्ड गए थे, जहां अरमान पानी में डूब गया। घटना के बाद डर के कारण वे वहां से भाग गए और किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। जानकारी मिलते ही पुलिस, परिजन और स्थानीय लोग रात में ही मौके पर पहुंचे। खड्ड किनारे अरमान के कपड़े और जूते बरामद हुए। इसके बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और होमगार्ड की टीम ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया। रविवार सुबह करीब छह बजे अरमान का शव बरामद कर लिया गया। अरमान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके पिता दिहाड़ी-मजदूरी करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। उसकी छोटी बहन पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। परिवार में बुजुर्ग दादा-दादी भी हैं। रविवार को नम आंखों के बीच छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस उपाधीक्षक विशाल वर्मा ने बताया कि जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 22, 2026, 10:11 IST
हिमाचल: बिलासपुर की मणी खड्ड में डूबने से 11वीं के छात्र की मौत, नेरवा की शालवी नदी में भी डूबा युवक; मौत #CityStates #Bilaspur #Shimla #HimachalPradesh #ManiKhad #StudentDrowned #DrowningDeath #Ghumarwin #NanawanPanchayat #ArmaanSingh #SubahSamachar
