Bill Gates: माइक्रोसॉफ्ट संस्थापक बिल गेट्स पहुंचे अमरावती; स्वास्थ्य, कृषि और एआई सहयोग पर अहम चर्चा
माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक और गेट्स फाउंडेशन के चेयरमैन बिल गेट्स सोमवार को आंध्र प्रदेश पहुंचे। यहां गन्नवरम एयरपोर्ट पर राज्य के आईटी मंत्री नारा लोकेश और कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्रियों ने उनका स्वागत किया।आंध्र प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ बिल गेट्स राज्य सचिवालय पहुंचे। यहां स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और तकनीक आधारित शासन को मजबूत करने के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बिल गेट्स की यह यात्रा राज्य सरकार और 'गेट्स फाउंडेशन' के बीच भविष्य की साझेदारी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। तकनीकी और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई साझेदारी की उम्मीद आईटी मंत्री नारा लोकेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए बिल गेट्स का स्वागत किया। उन्होंने कहा- "अमरावती में आपका स्वागत है, मिस्टर बिल गेट्स। आज गन्नवरम हवाई अड्डे पर गेट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष का स्वागत करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।" साथ ही लोकेश ने कहा कि आंध्र प्रदेश सरकार जन कल्याण के लिए बड़े पैमाने पर प्रभाव डालने वाले समाधान खोजने के लिए गेट्स फाउंडेशन के साथ मिलकर काम करने को उत्साहित है। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी गेट्स से राज्य में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं का विस्तार करने का अनुरोध किया है। इस दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल और उसके संभावित लाभों पर भी विशेष चर्चा होने की संभावना है। पहले से चल रहे स्वास्थ्य प्रोजेक्ट्स का होगा विस्तार गेट्स फाउंडेशन पहले से ही चित्तूर जिले के कुप्पम क्षेत्र में स्वास्थ्य से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है। अब इन पहलों को राज्य के अन्य हिस्सों में भी लागू करने पर विचार किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिल सके। रियल टाइम गवर्नेंस सिस्टम का करेंगे निरीक्षण अपने दौरे के के बीच बिल गेट्स रियल टाइम गवर्नेंस सिस्टम (RTGS) का निरीक्षण भी करेंगे। मुख्यमंत्री नायडू उन्हें शासन में तकनीक के उपयोग और उसके परिणामों के बारे में जानकारी देंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री 'स्वर्ण आंध्र 2047' विजन पर भी प्रस्तुति देंगे। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल टेक्नोलॉजी, डायग्नोस्टिक सेवाओं और संजीवनी जैसे डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड प्रोग्राम में किए गए सुधार शामिल हैं। कृषि में ड्रोन और एआई के उपयोग को देखेंगे बिल गेट्स बिल गेट्स अमरावती के उंडावल्ली गांव में एक कृषि फार्म का भी दौरा करेंगे। यहां उन्हें खेती में ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग का प्रदर्शन दिखाया जाएगा। पहले भी कर चुके हैं आंध्र प्रदेश का दौरा यह बिल गेट्स की आंध्र प्रदेश की तीसरी यात्रा है। इससे पहले भी संयुक्त आंध्र प्रदेश का दो बार दौरा कर चुके हैं। यह यात्रा मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के निमंत्रण पर हो रही है जिसका उद्देश्य राज्य सरकार और गेट्स फाउंडेशन के बीच सहयोग को और मजबूत करना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 16, 2026, 11:24 IST
Bill Gates: माइक्रोसॉफ्ट संस्थापक बिल गेट्स पहुंचे अमरावती; स्वास्थ्य, कृषि और एआई सहयोग पर अहम चर्चा #TechDiary #National #BillGates #GatesFoundation #AndhraPradesh #AiTechnology #Healthcare #AgricultureTechnology #TechPartnership #DigitalGovernance #SubahSamachar
