MP: पेंच बफर क्षेत्र में करंट से बायसन की मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार; जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाया था जाल
पेंच टाइगर रिजर्व के रूखड़ बफर क्षेत्र से सटे मोहगांव में एक दुर्लभ वन्यप्राणी बायसन (नर गौर) की करंट लगने से मौत का मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि जंगली सुअर के शिकार के लिए जंगल में अवैध रूप से करंट फैलाया गया था। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार दोपहर न्यायालय में पेश किया। वन विभाग के अनुसार, रूखड़ वनपरिक्षेत्र के अंतर्गत लगभग पांच हेक्टेयर निजी भूमि में स्थित सागौन के जंगल में गश्त के दौरान रात के समय बायसन का शव मिला। मृत बायसन की उम्र करीब 13 से 14 वर्ष आंकी गई है। मौके की जांच में पुष्टि हुई कि उसकी मौत करंट की चपेट में आने से हुई। पढे़ं:गुना में युवक जली हालत में मिला: सड़क किनारे खड़ी मिली बाइक, जांच में जुटी पुलिस; बाल कटवाने निकला था 11 केवी लाइन से फैलाया गया था करंट जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 11 केवी विद्युत लाइन से अवैध रूप से तार जोड़कर जंगल में करंट फैलाया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन अमले ने पहले बिजली आपूर्ति बंद कराने का प्रयास किया, लेकिन आपूर्ति बंद नहीं होने पर किसी अन्य वन्यजीव या इंसान को नुकसान से बचाने के लिए करंट प्रवाहित तारों को हटाया गया। घेराबंदी कर तीन आरोपी गिरफ्तार इसके बाद वन विभाग ने घेराबंदी कर मोहगांव निवासी सुनील उइके, दशरथ यादव और कैलाश चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया। मौके से जीआई तार, खूटियां सहित अन्य अवैध विद्युत सामग्री जब्त की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। वन विभाग ने बताया कि मृत बायसन का पोस्टमार्टम कर नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया है। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 20:43 IST
MP: पेंच बफर क्षेत्र में करंट से बायसन की मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार; जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाया था जाल #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Seoni #ThreeAccusedArrested #SeoniNews #SeoniViralNews #SeoniHindiNews #SubahSamachar
