छत्तीसगढ़: कोरबा में युवक की बेरहमी से हत्या, सड़क किनारे झाड़ियों में मिला खून से लथपथ शव
रविवार की सुबह नवा बरपारा कोहड़िया में सड़क किनारे झाड़ियों में खून से लथपथ एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। धारदार हथियार से हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका है। सूचना पर सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर युवक को घसीटने और खून के निशान मिले हैं। शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा था। सुबह राहगीरों ने लाश देखी तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान 37 वर्षीय बसंत पटेल के रूप में हुई है। वह जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक के सोनसरी गांव का रहने वाला था। पिछले तीन साल से कोरबा के दुरपा सर्वमंगला बरमपुर में किराये के मकान में रह रहा था। बसंत इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में काम करता था। मृतक के दोस्त राकेश पटेल ने बताया कि बसंत शुक्रवार सुबह 8 बजे फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था। रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह फोन पर हत्या की जानकारी मिली, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा। बसंत शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। दो दिन पहले ही वह छोटे भाई की शादी से गांव से कोरबा लौटा था। उसकी पत्नी और बच्चे अभी गांव में ही हैं। पत्नी बरमपुर के एक निजी स्कूल में टीचर है। सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हत्या कर शव फेंकने की बात सामने आ रही है। घटनास्थल पर घसीटने के निशान मिले हैं। पुलिस फैक्टरी और दोस्तों से पूछताछ कर रही है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 10, 2026, 08:50 IST
छत्तीसगढ़: कोरबा में युवक की बेरहमी से हत्या, सड़क किनारे झाड़ियों में मिला खून से लथपथ शव #CityStates #Crime #Korba #SubahSamachar
