Hapur News: पेड़ पर लटका मिला शव, रेंगते मिले कीड़े
बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव हबिसपुर बिगास से गजालपुर जाने वाले रास्ते पर रेलवे लाइन के पास मंगलवार की सुबह एक पेड़ से अज्ञात व्यक्ति का शव लटका मिला। हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई जा रही है।मृतक के मुंह में भी कपड़ा ठूंसा हुआ था, शव पर कीड़े रेंगते हुए मिले। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, एक ग्रामीण ने मंगलवार की सुबह थाना बाबूगढ़ पुलिस को गांव हबिसपुर बिगास से गजालपुर जाने वाले रास्ते पर रेलवे लाइन के पास मंगलवार की सुबह एक पेड़ से अज्ञात व्यक्ति का शव लटका हुआ होने की सूचना दी। सूचना पर सीओ वरुण मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंंचे और शव को पेड़ से नीचे उतारा। शव पूरी तरह सड़ गल चुका था। शव पर कीड़े भी रेंग रहे थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि शव करीब सात दिन पुराना था। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से शव की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने शव व पेड़ के आसपास से साक्ष्य एकत्र करने का प्रयास किया। हैरत की बात तो यह कि एक पेड़ पर सात दिन से एक व्यक्ति का शव लटका था, ग्रामीणों की इसकी जरा भी भनक नहीं लगी। जबकि आसपास ग्रामीणों का इस रास्ते से प्रतिदिन आना जाना लगा रहता होगा। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया 40-45 वर्षीय व्यक्ति का शव प्रतीत हो रहा है। शव के पास से कोई वस्तु या सामान भी पुलिस को नहीं मिला है। जिससे शव की पहचान की जा सके। पुलिस टीम शव की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मौत का कारण जानने के लिए फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 16, 2026, 20:47 IST
Hapur News: पेड़ पर लटका मिला शव, रेंगते मिले कीड़े #HapurNews #SubahSamachar
