Faridabad News: आगरा कैनाल में मिला शव, पहचान व परिजनों का नहीं लगा कोई सुराग
संवाद न्यूज एजेंसीफरीदाबाद। बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम नहर से मिले एक अज्ञात युवक के शव की रविवार तक पहचान नहीं हो सकी। पुलिस शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है और स्थानीय लोगों से भी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब चार बजे आईएमटी से चंदावली की ओर जाने वाले आगरा कैनाल के साथ बनी नहर में लोगों ने एक युवक का शव बहता हुआ देखा। शव नहर के किनारे आकर रुक गया था। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष आंकी गई है। युवक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। पहचान के लिए पुलिस ने शरीर पर मौजूद निशानों की जानकारी भी जुटाई है। युवक के बाएं हाथ पर हनुमान और दाएं हाथ पर ओम का टैटू बना हुआ मिला है। पुलिस को उम्मीद है कि इन निशानों के आधार पर उसकी पहचान हो सकती है। सदर थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि शव मिलने के बाद संबंधित थाना और पुलिस चौकियों को सूचना भेज दी गई है। कई लोगों को पहचान के लिए बुलाया गया, लेकिन रविवार तक कोई भी मृतक की शिनाख्त नहीं कर सका। पुलिस युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। शव को बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। यदि 72 घंटे के भीतर पहचान नहीं होती है तो कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 23:13 IST
Faridabad News: आगरा कैनाल में मिला शव, पहचान व परिजनों का नहीं लगा कोई सुराग #BodyFoundInAgraCanal;NoCluesRegardingIdentityOrFamily. #SubahSamachar
