Agra News: ब्रांडेड जूते, महंगे शौक ने युवक को बना दिया पिस्टल तस्कर
आगरा। ब्रांडेड कंपनी के जूतों की फर्स्ट कॉपी खरीदने और महंगे शौक ने 20 साल के युवक की जिंदगी बर्बाद कर दी। उसने इसे पाने के लिए गलत राह चुनी और पुलिस ने पिस्टल तस्करी के आरोप में दबोच लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। फतेहपुर सीकरी पुलिस शुक्रवार को स्नातक चुनाव के दौरान चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ट्रांसयमुना के टेढ़ी बगिया क्षेत्र के नगला किशनलाल निवासी मनीष कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से पुलिस को तीन देसी पिस्टल और छह मैगजीन बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने बताया कि उसके एक परिचित की हथियार बेचने वालों से सेटिंग की थी। उसे ब्रांडेड कंपनी के जूतों की फर्स्ट कॉपी पहनने का शौक है। इसके साथ ही ब्रांडेड कपड़े पहनने और घूमने का भी शौक है। उसने अपने परिचित के जरिये हथियार तस्करों से 10 हजार प्रति के हिसाब से पिस्टल खरीदी थी। इन पिस्टल को वह भरतपुर में 30 से 40 हजार में बेचने वाला था। इसी दौरान पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी मनीष ने पिछले वर्ष ही 12वीं की परीक्षा पास की है। उसके क्षेत्र में आपराधिक प्रवृत्ति के काफी युवा हैं। उनसे बात करने पर पता चला था कि पिस्टल आराम से 30 से 40 हजार रुपये में बिक जाएगी। इसलिए मुनाफे के लालच में उसने हथियार खरीदकर बेचने की सोची थी। वर्जन :- आरोपी से पूछताछ के आधार पर हथियारों को बेचने वाले गैंग का पता लगाया जा रहा है। अब तक उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। - आदित्य सिंह, डीसीपी पश्चिम
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 25, 2026, 02:51 IST
Agra News: ब्रांडेड जूते, महंगे शौक ने युवक को बना दिया पिस्टल तस्कर #BrandedShoesAndExpensiveTastesTurnedAYoungManIntoAPistolSmuggler. #SubahSamachar
