Meerut News: बुल्स इलेवन बनी एमएम क्रिकेट लीग की चैंपियन

- उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोहम्मद शारिक मैन ऑफ द सीरीज, मोनिस रिजवी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और रजत शर्मा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुने गएसंवाद न्यूज एजेंसी लावड़। जमालपुर मार्ग स्थित नेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार को आयोजित एमएम क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में बुल्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रधान अवेंजर्स को पांच विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों क्षेत्र में दमदार खेल का प्रदर्शन दिखाते हुए बुल्स इलेवन ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रधान अवेंजर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बुल्स इलेवन के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए, जिससे पूरी टीम 19.1 ओवर में 150 रनों के स्कोर पर ही सिमट गई। टीम की ओर से सोनू ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। रजत शर्मा ने 21 और आकिब ने 17 रनों का योगदान दिया। बुल्स इलेवन की ओर से माधव प्रताप सिंह और यश तोमर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार-चार विकेट हासिल किए। विनय यादव ने दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुल्स इलेवन ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज 13.5 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में माधव प्रताप सिंह ने 49 रनों की विस्फोटक पारी खेली। हर्ष तोमर ने 25 और दक्ष चौधरी ने 23 रन बनाकर जीत की राह आसान की। प्रधान अवेंजर्स की ओर से राहिब रिजवी ने तीन विकेट लिए और अनिल प्रताप को एक सफलता मिली। माधव प्रताप सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोहम्मद शारिक को मैन ऑफ द सीरीज, मोनिस रिजवी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और रजत शर्मा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार प्रदान किया गया।समापन समारोह में प्रतियोगिता के आयोजक डॉ. इकबाल मलिक ने विजेता बुल्स इलेवन टीम को 41 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी और उपविजेता प्रधान अवेंजर्स को 31 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 21, 2026, 16:07 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Meerut News: बुल्स इलेवन बनी एमएम क्रिकेट लीग की चैंपियन #BullsElevenCrownedMMCricketLeagueChampions. #SubahSamachar