Panipat News: बस के ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान

माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। गुरुग्राम से चंडीगढ़ जा रही हरियाणा रोडवेज की एक बस के ब्रेक शनिवार सुबह पानीपत में एलिवेटेड हाईवे पर अचानक फेल हो गए। तब चालक ने बस को नियंत्रित करने के लिए एलिवेटेड हाईवे के डिवाइडर पर कई बार हल्की टक्कर मारी। फिर जीटी रोड टोल प्लाजा पर लेन में खड़ी तीन गाड़ियों को बचाते हुए यू-टर्न लेकर बस स्टॉप के साथ रेत के ढेर में बस घुसा दी। इसके बाद पत्थर के बैरिकेड्स और एक हिस्सा पेड़ से टकराने के बाद बस रुकी। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। चालक को हल्की चोट आई हैं। बाकी 50 यात्री सकुशल रहे। यात्रियों को दूसरी बस में गंतव्य को भेजा। इस प्रकार चालक की सूझबूझ और साहसिक प्रयासों से बड़ा हादसा बच गया। रोहतक के गांधरा गांव निवासी चालक पवन ने बताया कि वह शनिवार सुबह छह बजे गुरुग्राम से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए थे। बस में परिचालक सुरेंद्र भी मौजूद थे। पानीपत के सिवाह बस स्टैंड से सुबह करीब साढ़े आठ बजे सवारियां लेकर बस आगे बढ़ी। जब बस एलिवेटेड हाईवे पर आर्य पीजी कॉलेज के पास पहुंची तो ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन वे काम नहीं कर रहे थे।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने बस को छोटे गियर में डालकर गति कम करने का प्रयास किया। सेक्टर-13/17 के पास बस की रफ्तार कुछ कम हुई, लेकिन टोल प्लाजा की ओर ढलान पर आते ही बस फिर तेज गति से दौड़ने लगी। चालक ने कई बार डिवाइडर से हल्का संपर्क कराकर बस की रफ्तार नियंत्रित करने की कोशिश की।टोल प्लाजा पर खड़ी गाड़ियों को बचाने के लिए लिया यू-टर्न : चालक पवन ने बताया कि टोल प्लाजा की लेन में तीन कारें खड़ी थीं। संभावित टक्कर को देखते हुए उन्होंने बस को यू-टर्न लेकर शहर की ओर जाने वाली लेन में मोड़ दिया। सौभाग्य से उस समय सामने से कोई वाहन नहीं आ रहा था। इसके बाद उन्होंने बस स्टॉप के पास बने रेत के ढेर पर बस चढ़ाकर रोकने का प्रयास किया। जब बस वहां भी नहीं रुकी तो आगे बने पत्थर के बैरिकेड्स की ओर बस मोड़ दी।बस में मची अफरा-तफरी परिचालक ने संभाला मोर्चाबस के ब्रेक फेल होने की जानकारी मिलते ही यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री खिड़कियां खोलने और बस रोकने की मांग करने लगे। परिचालक सुरेंद्र ने यात्रियों को शांत रखा और किसी को भी घबराने नहीं दिया। यात्री रमेश और चंद्र कुमार ने बताया कि चालक की समझदारी और धैर्य के कारण सभी यात्रियों की जान बच सकी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 14, 2026, 02:27 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: बस के ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान #BusBrakesFail;Passengers'LivesSavedThanksToDriver'sQuickThinking. #SubahSamachar