Gurugram News: अब पोर्टल पर दिखेगा बसों का टाइम टेबल
परिवहन विभाग ने मांगी रूट पर बसों के चलने की टाइमिंग, जीपीएस आधारित व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस लगाया जाएगाअमर उजाला ब्यूरोगुरुग्राम। हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा रोडवेज बसों के टाइम को पोर्टल में फीड किया जाएगा। विभाग ने सभी जिलों के बस डिपो से रूटों पर चलने वाली रोडवेज बसों के टाइमिंग संबंधित जानकारी मांगी है। बस स्टैंड से किसी रूट पर बस रवाना होकर किन स्टॉपेज पर कितने-कितने समय रुककर किस समय में गंतव्य तक पहुंचती है, इसके बारे में डेटा उपलब्ध कराना है। हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा रूटों पर चलने वाली सभी रोडवेज बसों में जीपीएस आधारित व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस लगाया जाएगा। इस आधुनिक तकनीकी प्रणाली के माध्यम से हरियाणा परिवहन विभाग सीधे कंट्रोल रूम से रोडवेज बसों की लाइव लोकेशन ट्रेस करने के साथ ही उनकी गति व रूट की सटीक निगरानी कर सकेगा। इसके अलावा रोडवेज बसों के स्टैंड पर न जाने या बीच रास्ते में सवारियां बैठाने की कंट्रोल रूम को जानकारी मिलेगी। इस वजह से परिवहन विभाग ने सभी रूटों पर बसों के रवाना होकर गंतव्य तक पहुंचने की जानकारी मांगी है। हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा मोबाइल एप बनाया जा रहा है। मोबाइल एप पर ही यात्रियों को रोडवेज बसों की लोकेशन व बस स्टैंड पर पहुंचने का सही समय के बारे में ऑनलाइन जानकारी मिल सकेगी। यात्री आधिकारिक मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे या रास्ते में ही बस की वास्तविक लोकेशन देख सकेंगे। ----------रोडवेज बसों के टाइम संबंधित डाटा तैयार किया जा रहा है। जल्द ही डाटा रिपोर्ट परिवहन विभाग के मुख्यालय को भेजी जाएगी। - दुलीचंद, सीआई, गुरुग्राम बस डिपो
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 24, 2026, 15:58 IST
Gurugram News: अब पोर्टल पर दिखेगा बसों का टाइम टेबल #BusTimetablesWillNowBeVisibleOnThePortal. #SubahSamachar
