Noida News: अक्षय तृतीया के बाद से बाजारों में लौटी रौनक
अक्षय तृतीया के बाद से बाजारों में लौटी रौनक वैश्विक अनिश्चितता के कारण सोने चांदी के दाम के उछाल ने घटा दिए थे ग्राहक माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। अक्षय तृतीया के बाद से मांगलिक कार्यों की शुरुआत होते ही सर्राफा बाजार से लेकर कपड़ा, कैटरिंग और बैंड-बाजा कारोबार भी खूब दमक रहा है। व्यापारियों ने भी राहत की सांस ली है। सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने बताया कि बीते कुछ समय में वैश्विक अनिश्चितता के कारण सोने-चांदी के दामों में अचानक उछाल आ गया था। इससे ग्राहकों की संख्या में कमी आई और कई लोगों ने खरीदारी टाल दी थी। सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि उस दौरान बुकिंग भी लगभग ठप हो गई थी लेकिन अक्षय तृतीया के बाद स्थिति में काफी सुधार है। सेक्टर-18 मार्केट स्थित सौरभ डायमंड के मालिक सौरभ अग्रवाल ने बताया कि अब ग्राहक दोबारा बाजार में लौट आए हैं और शादी-विवाह के लिए खरीदारी कर रहे हैं। ज्वेलर्स के मुताबिक, हल्के वजन के आभूषणों की मांग ज्यादा है, ताकि बढ़े हुए दामों के बीच ग्राहक बजट में खरीदारी कर सकें। कपड़ा बाजार भी गुलजार व्यापारियों का कहना है कि कपड़ा बाजार में भी अच्छी खासी रौनक है। रेडीमेड और डिजाइनर परिधानों की बिक्री बढ़ी है। दुकानदारों का कहना है कि शादी के सीजन के चलते पिछले दो हफ्तों में कारोबार में 30 से 40 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि हाल ही में नोएडा में उद्योग क्षेत्रों में हुए श्रमिकों के प्रदर्शन के चलते माल आने में देरी हुई, जिसके चलते थोड़ा नुकसान हुआ, लेकिन कारोबार फिर पटरी पर आने लगा है। टेंट हाउस-कैटरिंग संचालक बोले टेंट हाउस, कैटरिंग और बैंड-बाजा-बरात से जुड़े व्यापारी अरुण कुमार ने बताया कि गैस किल्लत ने समस्याएं बढ़ा दी थीं। अब वह वैकल्पिक साधन जैसे कोयला व लकड़ी के चूल्हे पर खाना पका रहे हैं। लोग खुले व लॉन जैसे स्थलों पर टेंट की बुकिंग करा रहे हैं। बैंड संचालक मुकेश कुमार ने बताया कि मई-जून तक के लिए अधिकांश तारीखें पहले ही बुक हो चुकी हैं। मई में सहालग तेज हैं। कैटरिंग सेवाओं में भी एडवांस बुकिंग तेजी से हो रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 25, 2026, 18:18 IST
Noida News: अक्षय तृतीया के बाद से बाजारों में लौटी रौनक #BustleReturnsToMarketsFollowingAkshayaTritiya #SubahSamachar
