Maharashtra Politics: आप और तृणमूल के बाद शिवसेना यूबीटी में टूट की सुगबुगाहट; उद्धव ठाकरे ने बुलाई आपात बैठक
आम आदमी पार्टी (आप) और पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसदों में टूट के बाद अब महाराष्ट्र के सियासी गलियारे में ऑपरेशन टाइगर की चर्चा शुरू हो गई है। इससे उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) में हड़कंप मच गया है। चिंतित उद्धव ठाकरे ने रविवार को पार्टी के सांसदों की आपात बैठक बुलाई है। सूत्रों का दावा है कि शिवसेना (यूबीटी) के 9 में से 7 सांसद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। इनमें से कुछ सांसदों को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह सहित अहम प्रस्ताव दिए गए हैं। पश्चिम बंगाल में हुए ताजा घटनाक्रम से ऑपरेशन टाइगर यानि दलबदल की चर्चा तेज हुई है। इस बीच, शिवसेना नेता व केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने दावा किया है कि ऑपरेशन टाइगर अपने अंतिम चरण में और पूरा होने के करीब है। यह ऑपरेशन उस दिन पूरा होगा जब उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समय और शुभ मुहूर्त तय करेंगे। जाधव ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) के नेता अंबादास दानवे ने परोक्ष तौर पर खुद स्वीकार किया है। इसलिए हमें इस पर कुछ अधिक कहने की जरूरत नहीं है। और भी पढ़ें:-TMC Rift:बैठक में अभिषेक और कुणाल घोष में तीखी नोकझोंक, ममता बनर्जी को देना पड़ा दखल; सायोनी घोष पर गिरी गाज दरअसल, अंबादास दानवे ने ऑपरेशन टाइगर पर कहा था कि कुछ लोग संपर्क में हैं जबकि कई लोग खुलकर इस बारे में बोलते हैं। हम सब जानते हैं। लोकसभा चुनाव के बाद से ही एक दो महीने में सांसदों के संपर्क में रहने की बात चल रही थी। अब इसे आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया जाना चाहिए। दानवे के इस बयान के मायने हैं, इसलिए प्रतापराव जाधव ने ऑपरेशन टाइगर के अंतिम चरण में होने का दावे को गंभारता से लिया जा रहा है। इधर, इस घटनाक्रम के बीच उद्धव ठाकरे ने 14 जून को अपने सांसदों को मुंबई पहुंचने का आदेश दिया है। यह बैठक ठाकरे के आवास में होगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 14, 2026, 02:15 IST
Maharashtra Politics: आप और तृणमूल के बाद शिवसेना यूबीटी में टूट की सुगबुगाहट; उद्धव ठाकरे ने बुलाई आपात बैठक #IndiaNews #National #Maharashtra #SubahSamachar
