एमपी: बड़वानी में गांजे की खेती पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 1,753 पौधे जब्त; कीमत 41.98 लाख
बड़वानीजिले में अवैध गांजे की खेती के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक के तहत दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की है। ग्राम काजलमाता और बोरपड़वा के खेतों से कुल 1,753 गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। इनका कुल वजन 4 क्विंटल 28 किलो 840 ग्राम और अनुमानित कीमत 41 लाख 98 हजार रुपये बताई गई है। एक ही दिन दो गांवों में मिली गांजे की अवैध फसल जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक के तहत 31 अक्टूबर 2026 को सिलावद और वरला पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई की। दोनों थाना क्षेत्रों में मुखबिर से सूचना मिली थी कि खेतों में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। पहली कार्रवाई सिलावद थाना पुलिस ने ग्राम काजलमाता में की। यहां एक खेत से गांजे के 37 हरे पौधे जब्त किए गए। इनका वजन 9 किलो 840 ग्राम और अनुमानित कीमत 98 हजार रुपये बताई गई है। दूसरी कार्रवाई वरला थाना पुलिस ने ग्राम बोरपड़वा में की। यहां खेत से गांजे के 1,716 हरे पौधे बरामद किए गए। इनका वजन 4 क्विंटल 19 किलो और अनुमानित कीमत 41 लाख रुपये आंकी गई है। ड्रोन से की खेतों की तलाशी, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस ग्राम काजलमाता में मुखबिर की सूचना पर सिलावद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर खेत की घेराबंदी की और तलाशी ली। वहीं, ग्राम बोरपड़वा में वरला थाना प्रभारी नारायण रावल ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर सेंधवा अनुभाग की विशेष टीम गठित की। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और ड्रोन की मदद से खेतों की सघन तलाशी ली। दोनों मामलों में संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पढ़ें:अवैध लहसुन कारोबार पर मंडी समिति का बड़ा एक्शन, 13 लाख रुपये से अधिक कीमत का 83 क्विंटल लहसुन जब्त जमीन के अभिलेखों से आरोपियों की पहचान, दबिश जारी ग्राम काजलमाता में अवैध गांजे की खेती में शामिल लोगों की पहचान के लिए राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से भूमि के अभिलेखों और टोपोग्राफी की जांच की जा रही है। वहीं, ग्राम बोरपड़वा में वन विभाग के सहयोग से खेतों की टोपोग्राफी और अभिलेखों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अनुराग और सिमाला प्रसाद के दिशा-निर्देश पर कार्रवाई दोनों कार्रवाइयां पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण जोन, इंदौर) अनुराग एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (निमाड़ रेंज, खरगोन) सिमाला प्रसाद के दिशा-निर्देश तथा प्रभारी पुलिस अधीक्षक बड़वानी विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में की गईं। ग्राम काजलमाता में कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी बड़वानी रोहित अलावा का मार्गदर्शन रहा। वहीं, ग्राम बोरपड़वा में कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। दोनों कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका सिलावद पुलिस की कार्रवाई में निरीक्षक रामकृष्ण लौवंशी, थाना प्रभारी सिलावद, सहायक उप निरीक्षक नारायण पाटीदार, प्रधान आरक्षक 90 अजय यादव, प्रधान आरक्षक 408 सरवन पटेल, आरक्षक 91 अंतरसिंह रावत एवं आरक्षक 243 सुनील चौहान शामिल रहे। वहीं, वरला क्षेत्र की कार्रवाई में निरीक्षक नारायण रावल, थाना प्रभारी वरला, निरीक्षक ओम प्रकाश चोंगड़, थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण, उपनिरीक्षक कृष्णा मंडलोई, थाना सेंधवा शहर, उपनिरीक्षक छन्नुलाल चौहान, थाना सेंधवा ग्रामीण, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, थाना वरला, उपनिरीक्षक छन्नूलाल, थाना वरला, उपनिरीक्षक संजय पाटिल, थाना सेंधवा ग्रामीण तथा सहायक उपनिरीक्षक संजय शर्मा, चौकी बालसमुद सहित सेंधवा अनुभाग की संपूर्ण पुलिस टीम की भूमिका रही। बड़वानी पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पूर्व में भी कई अवैध फसलों को नष्ट किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 15:38 IST
एमपी: बड़वानी में गांजे की खेती पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 1,753 पौधे जब्त; कीमत 41.98 लाख #CityStates #Crime #Barwani #MadhyaPradesh #BarwaniNews #CannabisSeizureInBarwani #OperationGreenStrike #BarwaniPoliceAction #CannabisCultivationInSilawad #CannabisCultivationInVarla #CannabisRecoveryAtKajalmata #CannabisSeizureInBorpadwa #IllegalCannabisCultivation #NdpsAct #SubahSamachar
