Punjab: नशे में धुत्त कार चालक ने मचाई तबाई, बाइक सवार पति-पत्नी को कुचला, महिला की मौके पर मौत
पंजाब में नशे के कारण हो रहे हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला समराला के नजदीकी गांव कुल्लेवाल (गुग्गा माड़ी) के पास सामने आया है, जहां नशे की हालत में कार चला रहे युवक ने मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। मृतका की पहचान गांव गहलेंवाल निवासी बलविंदर कौर (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि घायल पति निर्मल सिंह हैं। गलत दिशा में आ रही कार ने मारी टक्कर जानकारी के अनुसार निर्मल सिंह पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर खन्ना की ओर से आ रहे थे। जब वे कुल्लेवाल गुग्गा माड़ी के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक मोटरसाइकिल को काफी दूर तक घसीटता ले गया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। चालक पर नशा करने का आरोप पीड़ित परिवार के सदस्य कुलवीर सिंह और मेजर सिंह ने आरोप लगाया कि यह हादसा नशे में धुत युवक की लापरवाही का नतीजा है। उनके अनुसार, कार चालक ने नशे का सेवन किया हुआ था और वह पूरी तरह होश में नहीं था। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर तलाशी ली तो उसकी जेब से नशीला पदार्थ और सिरिंज बरामद हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी समराला की ओर जा रहा था और गलत दिशा में वाहन चला रहा था। घायल को किया चंडीगढ़ रेफर हादसे में घायल निर्मल सिंह को पहले स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर 32 स्थित सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां वे इमरजेंसी में उपचाराधीन हैं। आरोपी पुलिस हिरासत में घटना के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने आरोपी युवक को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इलाके में रोष, सख्त कार्रवाई की मांग हादसे के बाद इलाके में भारी रोष है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में समराला पुलिस के डीएसपी तरलोचन सिंह ने कहा कि मामले में बनती कार्रवाई की जाएगी और आरोपी का डोप टेस्ट कराया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 18, 2026, 17:18 IST
Punjab: नशे में धुत्त कार चालक ने मचाई तबाई, बाइक सवार पति-पत्नी को कुचला, महिला की मौके पर मौत #Crime #Ludhiana #Chandigarh-punjab #Accident #Punjab #SubahSamachar
