Barmer: हनुमान बेनीवाल के काफिले में घुसी कार, समर्थकों ने सरियों-डंडों से किया हमला; मौके पर पहुंची पुलिस

बाड़मेर के दांता गांव के पास सांसद हनुमान बेनीवाल के काफिले के बीच एक इनोवा कार आने के बाद हंगामा हो गया। आरोप है कि आरएलपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कार को रोककर सरियों, डंडों और लातों से हमला किया तथा शीशे तोड़ दिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कार चालक ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई। जनसभा में बेनीवाल ने भी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार को जाने देने के लिए कहा था। काफिले के बीच पहुंची कार, समर्थक हुए नाराज जानकारी के अनुसार, नागौर सांसद और आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल जोधपुर से बाड़मेर पहुंचे थे। दोपहर करीब तीन बजे सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के बाद उनका काफिला देरासर में आयोजित जनसभा के लिए रवाना हुआ। रास्ते में दांता गांव के पास सामने से आ रही एक इनोवा कार काफिले के बीच पहुंच गई। इसे लेकर काफिले में शामिल समर्थक और कार्यकर्ता नाराज हो गए। सरियों और डंडों से कार में की गई तोड़फोड़ आरोप है कि समर्थकों ने कार को रोककर उसमें जमकर तोड़फोड़ की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार पर सरियों, डंडों और लातों से हमला किया गया, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद काफिला आगे बढ़ गया। पुलिस पहुंची मौके पर, चालक ने नहीं दी शिकायत सूचना मिलने पर बाड़मेर ग्रामीण थाना प्रभारी विक्रम चारण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कार सवार श्रवण सिंह से भी जानकारी ली। श्रवण सिंह, जो शिव थाना क्षेत्र के कोटड़ा इलाके के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी कार अपनी लेन में चल रही थी और हाईवे की सेंटर पट्टी के पास थी। इसके बावजूद उनके वाहन को निशाना बनाया गया। हालांकि, उन्होंने इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई। यह भी पढ़ें:दलित नाबालिग से जंगल में की बर्बरता! मारपीट करने वाले दो मुख्य आरोपी धराए; पुलिस ने निकाला जुलूस जनसभा में बेनीवाल ने भी किया घटना का जिक्र दूसरी ओर, देरासर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी इस घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक कार उनके काफिले के अंदर आ रही थी और उन्होंने कार्यकर्ताओं से उसे जाने देने के लिए कहा था। साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के पेट में दर्द है कि वह इस क्षेत्र में क्यों घूम रहे हैं। ऐसे लोगों को दवाई ले लेनी चाहिए, उनका इलाज हो जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 03, 2026, 19:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Barmer: हनुमान बेनीवाल के काफिले में घुसी कार, समर्थकों ने सरियों-डंडों से किया हमला; मौके पर पहुंची पुलिस #CityStates #Barmer #Rajasthan #HanumanBeniwal #Rlp #NagaurMp #Convoy #CarAttack #PoliticalRally #DantaVillage #SubahSamachar