Una News: विद्यार्थियों का किया कॅरिअर मार्गदर्शन
अंब (ऊना)। महाराणा प्रताप कॉलेज अंब में कॅरिअर मार्गदर्शन को लेकर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से मान आईएएस अकादमी चंडीगढ़ के सहयोग से आयोजित किया गया। इसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कॉलेज के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर प्रो. अनिल वर्मा ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना था। सत्र के दौरान अकादमी के मार्केटिंग मैनेजर केवल सिंह ने विद्यार्थियों को आईएएस, आईपीएस और पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को सिविल सेवा को कॅरिएअर के रूप में चुनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित सीनियर फैकल्टी शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने परीक्षा की बारीकियों पर प्रकाश डाला। चार बार यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके मिश्रा ने छात्रों के साथ परीक्षा का पैटर्न और तैयारी की सही रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि सिविल सेवा में सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत के साथ सही दिशा में समर्पण होना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्राचार्य प्रो. दर्शन कुमार ने मान आईएएस अकादमी की टीम का आभार व्यक्त किया और सफल आयोजन के लिए प्लेसमेंट टीम को बधाई दी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 14, 2026, 18:26 IST
Una News: विद्यार्थियों का किया कॅरिअर मार्गदर्शन #CareerGuidanceToStudents #SubahSamachar
