Aligarh News: नहल में सीडीओ को जल जीवन मिशन में मिलीं अनियमितताएं

मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने गांव नहल में विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर समीक्षा की। निरीक्षण में जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति और अनियमितताएं सामने आईं। कागजों पर 600 घरों में जल कनेक्शन देकर हर घर जल पहुंचाने का दावा किया गया, लेकिन मौके पर आधे घरों में भी कनेक्शन नहीं मिले। कई जगह पाइप लाइन लीकेज थी और पानी की टंकी का निर्माण अधूरा पड़ा था। इस पर उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।सीडीओ ने जल निगम द्वारा दी गई कनेक्शन की सूची की जांच के आदेश एडीओ पंचायत केपी सिंह को दिए गए और अधिकारियों को जल्द शत-प्रतिशत घरों तक कनेक्शन पहुंचाने और अधूरे कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सरकारी स्कूल पहुंचकर सीडीओ ने छात्रों से बातचीत की और उन्हें मिष्ठान व बिस्किट वितरित किए। प्रधानाचार्य को विद्यालय में बच्चों का नामांकन बढ़ाने और पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। अंबेडकर पार्क का भी उन्होंने निरीक्षण किया, जहां शिक्षक राजू गौतम, विनोद कुमार, महीपाल और डॉ. बहादुर आदि ने पार्क में सामुदायिक भवन निर्माण और यहां संचालित लाइब्रेरी में किताबें देने की मांग रखी।सीडीओ ने पार्क के निकट खाली पड़ी भूमि पर पौधरोपण कराने के आदेश बीडीओ वेदप्रकाश और ग्राम प्रधान जगवीर सिंह को दिए। ग्राम पंचायत स्तर से हुए विकास कार्यों पर संतोष जताते हुए उन्होंने गांव में उत्सव भवन निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 13, 2026, 02:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Aligarh News: नहल में सीडीओ को जल जीवन मिशन में मिलीं अनियमितताएं #AligarhNewscdoInspection #SubahSamachar