भाजपा नेता कंवर का बड़ा हमला: PWD के शीर्ष अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप, पीएम को लिखा पत्र, CBI जांच की मांग

छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राज्य के पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर ने लोक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए केंद्र तक शिकायत पहुंचाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य के मुख्य सचिव विकासशील और लोक निर्माण विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह को पत्र लिखकर मुख्य अभियंता विजय कुमार भतपहरी के खिलाफ सीबीआई जांच कराने की मांग की है। अपने पत्र में ननकी राम कंवर ने दावा किया है कि विजय कुमार भतपहरी ने विभाग में विभिन्न पदों पर रहते हुए चुनिंदा ठेकेदारों को नियमों के विरुद्ध लाभ पहुंचाया। आरोप है कि कमीशनखोरी और वित्तीय अनियमितताओं के चलते न केवल सरकारी खजाने को नुकसान हुआ, बल्कि शासन की छवि भी प्रभावित हुई। पूर्व गृह मंत्री ने यह भी उल्लेख किया है कि भतपहरी के खिलाफ वर्ष 2011 और 2015 में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो, रायपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज हुए थे। इसके बावजूद राजनीतिक संरक्षण और प्रभाव के कारण इन मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी और प्रकरण वर्षों से लंबित हैं। पदोन्नति प्रक्रिया पर भी उठे सवाल पत्र में यह मुद्दा भी उठाया गया है कि विभागीय पदोन्नति (DPC) प्रक्रिया के दौरान कई अधिकारियों के खिलाफ लंबित गंभीर मामलों को नजरअंदाज किया गया। इससे न केवल योग्य अधिकारियों को नुकसान हुआ, बल्कि विभागीय व्यवस्था और आयोग की कार्यप्रणाली पर भी भरोसा कमजोर हुआ है। ननकी राम कंवर ने राजनांदगांव संभाग में मानपुर–संबलपुर मार्ग निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि स्वीकृत बजट से कहीं अधिक भुगतान किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण अभिलेख गायब थे, जिसे उन्होंने गंभीर वित्तीय अनियमितता करार दिया। पद से हटाने और नुकसान की वसूली की मांग पूर्व गृह मंत्री ने केंद्र और राज्य प्रशासन से मांग की है कि विजय कुमार भतपहरी को तत्काल पद से हटाया जाए, सभी लंबित मामलों की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए और लोक निर्माण विभाग को हुए कथित आर्थिक नुकसान की भरपाई संबंधित अधिकारी से की जाए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 08, 2026, 13:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




भाजपा नेता कंवर का बड़ा हमला: PWD के शीर्ष अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप, पीएम को लिखा पत्र, CBI जांच की मांग #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #SubahSamachar