CG: कांग्रेस बोली- प्रदेश में फल-फूल रहा नशे का कारोबार, दुर्ग के बाद बलरामपुर में भी लहलहा रही नशीली फसल

CG News: छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने नशे के कारोबार को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा कि मैंने पहले ही कहा था कि दुर्ग तो महज़ पर्दाफ़ाश की शुरुआत थी। अफीम सहित सूखे नशे का कारोबार सुनियोजित तरीके से मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के संरक्षण में चल रहा है। दुर्ग में जो भाजपा नेता अफीम की खेती करते पकड़ा गया, उसे विष्णुदेव सरकार ने मुख्य आरोपी तक नहीं बनाया। यह खेल बड़ा है। पूरी भाजपा इस नशे के कारोबार में लिप्त है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना के त्रिपुरी इलाक़े में पांच एकड़ में अफीम की अवैध खेती की फसल लहलहा रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में नशे के कारोबार का संरक्षण मिला हुआ है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि दुर्ग के समोदा में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की तरफ से अफीम की खेती कराया जाना साबित करता है कि भाजपा सरकार नशे की कारोबार को बढ़ावा दे रही है। बिना सरकार के संरक्षण के यह संभव ही नही की कोई छत्तीसगढ़ जैसी राज्य में अफीम की खेती करने का साहस कर सके। पुलिस ने भाजपा नेताओं को तीसरे नंबर का आरोपी बनाया, इसका मतलब सरकार उसको बचाने की कोशिश में है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि सरकार और पुलिस की मिलीभगत के कारण ही प्रदेश के युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे है। पिछले दो साल में शराब, गांजा, अफीम, हिरोईन जैसे नशों के कारण प्रदेश की युवा पीढ़ी में नशे की लत महामारी का रूप ले चुकी है। चंद पैसों के लिए सत्तासीन लोग नशे के बढ़ते कारोबार को रोकने के बजाय संरक्षण दे रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष ने कहा कि बड़ी संख्या में ड्रग्स पकड़ा गया तब दावा किया गया कि पाकिस्तान से ड्रग रायपुर तक आता था। इस ड्रग के कारोबार को संरक्षण कौन दे रहा था पाकिस्तान से छत्तीसगढ़ तक ड्रग कैसे पहुंच रहा था राज्य में ड्रग के कारोबार किसके संरक्षण में फला-फूला कांग्रेस की सरकार थी तब नशे के कारोबार को पूरी तरीके से समाप्त कर दिया गया था। दो साल में फिर से पूरा प्रदेश नशे की गिरफ्त में आ गया है। बिना सत्ता के संरक्षण के ड्रग राजधानी में खुलेआम नहीं बिक सकता, राज्य में भाजपा की दो साल से सरकार है। कौन सत्ताधीश इसके पीछे है इसका भी खुलासा होना चाहिए शुक्ला ने कहा कि भाजपा के राज में छत्तीसगढ़ नशे के मामले में पंजाब, गुजरात और पश्चिम बंगाल को पीछे छोड़ चुका है। रायपुर के नया राजधानी और वीआईपी रोड जैसे इलाकों में शाम ढलते ही युवा नशे की गिरफ्त में साफ देखे जा सकते है। आउटर के कैफे तो युवाओं को नशा परोसने का केंद्र बन चुका है। पुलिस इसको रोकने के बजाय सहयोगी बनी हुई है। कांग्रेस की सरकार थी तब वर्षों से चल रहे हुक्काबारों को बंद करवाया था, राज्य में सूखे नशे के कारोबार को पूरी तरह समाप्त किया गया था। भाजपा की सरकार बनने के बाद एक बार फिर से नशे का कारोबार शुरू हो गया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 10, 2026, 14:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




CG: कांग्रेस बोली- प्रदेश में फल-फूल रहा नशे का कारोबार, दुर्ग के बाद बलरामपुर में भी लहलहा रही नशीली फसल #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #Balrapur #Durg #Congress #DrugTrade #PoppyCultivation #BhupeshBaghel #SubahSamachar