Chaitra Navratri : नवरात्र के चौथे दिन घरों और मंदिरों में पूजी गईं माता कूष्मांडा, लगाया गया भोग प्रसाद
चैत्र नवरात्र के चौथे दिन माता कूष्मांडा के स्वरूप की पूजा की गई। घरों से लेकर मंदिरों तक देवी की पूजा आराधना कर विधि विधान से भोग लगाकर आरती उतारी गई। घरों में कलश की पूजा के साथ ही देवी को पंचमेवा और मिष्ठान्न का भोग लगाया गया। दुर्गा सप्तशती का पाठ कर देवी की विधि विधान से पूजा आरती की गई। शक्तिपीठ ललिता देवी, कल्याणी देवी और अलोपशंकरी के शहर और देहात इलाकों के सभी प्रमुख देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। देवीगीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया है। कहीं रामायण तो कहीं सुंदरकांड का पाठ चल रहा है। दुर्गा सप्तशती के अमोघ मंत्रों के बीच लोग हवन, पूजन कर मनोकामना पूर्ति के लिए भगवती से प्रार्थना कर रहे हैं। शहर के कटरा, जानसेनगंज, तेलियरगंज, धूमनगंज, नैनी, फाफामऊ, झूंसी, सिविल लाइंस, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम, झलवा, मुट्ठीगंज, चौक समेत सभी प्रमुख इलाकों में स्थित देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ भोर से ही उमड़ रही है। लोग घरों में भी कलश की स्थापना कर देवी की पूजा अर्चना कर नौ दिन का व्रत रखकर अनुष्ठान कर रहे हैं। नवरात्र के चलते सूखा मेवा और फलों के साथ नारियल और चुनरी की बिक्री बढ़ गई है। लाचीदाना और बतासा आदि का भोग लगाया जा रहा है। साथ ही दूध और दही की मांग भी काफी अधिक हो गई है। मंदिरों में देवी की सुबह और शाम होने वाली महाआरती में काफी भीड़ उमड़ रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 22, 2026, 15:16 IST
Chaitra Navratri : नवरात्र के चौथे दिन घरों और मंदिरों में पूजी गईं माता कूष्मांडा, लगाया गया भोग प्रसाद #CityStates #Prayagraj #KushmandaMataKiAarti #KushmandaMata #Navdurga2026 #SubahSamachar
