चानौत जल विवाद: घिराय-सिंघवा राघो के ग्रामीणों का एलान, टी-कनेक्शन नहीं दिया तो पाइपलाइन नहीं बिछाने देंगे

चानौत आंदोलन को समर्थन देने का सिलसिला जारी है। घिराय और सिंघवा राघो के ग्रामीणों ने बड़ा एलान किया है। धरना कमेटी के अनुसार, दोनों गांवों के ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने चानौत गांव को भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन नहीं दिया तो अपने-अपने गांवों की जमीन से गुजरने वाली शहर की मुख्य 36 इंची पेयजल पाइपलाइन को किसी भी सूरत में नहीं बिछाने देंगे। गांव चानौत में शहर के लिए आने वाली भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से पीने के पानी के लिए टी-कनेक्शन लेने की मांग के लिए चल रहा धरना 47वें दिन बुधवार को जारी रहा। प्रशासन की तरफ से सोशल मीडिया अकाउंट्स बैन किए जाने और इंटरनेट पर पाबंदी की आशंकाओं के बीच पुलिस और प्रशासन की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आंदोलनकारियों ने धरनास्थल पर दो वाईफाई व 10 सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए हैं। इसका खर्च चानौत धरना कमेटी अपने स्तर पर उठाएगी। कल जिला मुख्यालयों पर देंगे ज्ञापन धरना कमेटी ने मंगलवार को महापंचायत के बाद कहा था कि 3 जुलाई को प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन दिया जाएगा। साथ ही 4 जुलाई को मानव शृंखला बनाने व 6 जुलाई को सांकेतिक रोड जाम करने का एलान किया है। सोशल मीडिया अकाउंट्स को दोबारा बहाल कराने का मिला आश्वासन धरना कमेटी के सदस्य अनूप सिंह चानौत ने बताया कि कमेटी सदस्यों, आंदोलन से जुड़े नेताओं सहित करीब 35 सोशल मीडिया अकाउंट व चैनल को पुलिस प्रशासन ने दो दिन पहले बैन कर दिया था। इस मामले में धरना कमेटी के सदस्यों ने डीसी राहुल नरवाल से मुलाकात की। डीसी से मुलाकात के बाद कमेटी सदस्यों ने दावा किया कि उपायुक्त ने आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही इन बैन किए गए सोशल मीडिया अकाउंट्स को दोबारा बहाल करवा देंगे। 5 जुलाई को इनेलो सुप्रीमो पहुंचेंगे चानौत 5 जुलाई को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला चानौत गांव पहुंचेंगे। उनके साथ इनेलो की समस्त प्रदेश कार्यकारिणी, पार्टी के सभी मौजूदा और पूर्व विधायक भी धरनास्थल पर पहुंचेंगे। अभय चौटाला करीब एक महीना पहले भी धरना स्थल पर आए थे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 02, 2026, 09:51 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




चानौत जल विवाद: घिराय-सिंघवा राघो के ग्रामीणों का एलान, टी-कनेक्शन नहीं दिया तो पाइपलाइन नहीं बिछाने देंगे #CityStates #Hisar #Haryana #SubahSamachar