Kangra News: डमटाल में गैस सिलिंडर के लिए मची अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा
इंदौरा (कांगड़ा)। इंडेन गैस एजेंसी डमटाल में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई जब करीब 400 लोग अचानक अपने खाली सिलिंडर लेकर एजेंसी परिसर में जमा हो गए। जैसे ही गैस की गाड़ी एजेंसी पहुंची तो लोग जल्द से जल्द सिलिंडर भरवाने की मांग करने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि प्रबंधन को डमटाल पुलिस को सूचित करना पड़ा। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया और कतारबद्ध करवाकर व्यवस्था बनाई, जिसके बाद वितरण कार्य सुचारू हो सका। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्हें समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, जिसके कारण उन्हें खुद एजेंसी तक आना पड़ा। हालांकि, एजेंसी पर उमड़ी इस भारी भीड़ के कारण इंदौरा की ओर जाने वाला शनिवार का निर्धारित रूट प्रभावित हो गया। भीड़ और अव्यवस्था की वजह से इंदौरा क्षेत्र में गैस सप्लाई लेकर जाने वाली गाड़ी समय पर नहीं पहुंच सकी, जिससे वहां के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।पैनिक न करें, घर-द्वार पर मिलेगी सप्लाईखाद्य आपूर्ति निरीक्षक अजय कौंडल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से घबराहट (पैनिक) में न आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विभाग के पास गैस का पर्याप्त स्टॉक है और प्रतिदिन गाड़ियां आ रही हैं। लोगों को एजेंसी पर आने की जरूरत नहीं है। विभाग की गाड़ियां पूर्व निर्धारित सूचना के अनुसार गली-मोहल्लों में पहुंचकर ही सिलेंडर उपलब्ध करवाएंगी। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें। इंदौरा में घरेलू गैस सिलिंडर लेने को लगी लोगों की लाईन। स्रोत : सोशल मीडिया
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 14, 2026, 19:06 IST
Kangra News: डमटाल में गैस सिलिंडर के लिए मची अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
