Kullu News: सीएचसी सैंज को बाढ़ से खतरा, नहीं लगी सुरक्षा दीवार

पिन पार्वती नदी के किनारे स्थित है स्वास्थ्य केंद्रबरसात के दिनों में परिसर के बहने का खतरा प्रशांत नेगीलारजी (कुल्लू)। सैंज घाटी की 15 ग्राम पंचायतों की जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को बचाने के प्रयास नहीं हो रहे हैं। पिन पार्वती नदी के किनारे स्थित सीएचसी को बाढ़ से खतरा बना हुआ है लेकिन सुरक्षा दीवार नहीं लग पाई है। साल 2023 और 2025 में बरसात के दिनों में नदी में आई बाढ़ आने से सीएचसी परिसर को नुकसान पहुंचा था। वहीं, तीन साल से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने से इस बरसात में भी खतरा बना हुआ है।गौरतलब है कि जुलाई 2023 और जून 2025 में पिन पार्वती नदी में आई बाढ़ ने इलाके में भारी तबाही मचाई थी। तब से लेकर अब तक सीएचसी परिसर में नदी के किनारे सुरक्षा दीवार नहीं लग पाई है। बरसात का मौसम एक बार फिर नजदीक है और खतरे की घड़ी सिर पर मंडरा रही है। सबसे ज्यादा खतरा सीएचसी सैंज को है। बाढ़ में पहले ही इस अस्पताल का परिसर क्षतिग्रस्त हो चुका है। सुरक्षा दीवार न होने के कारण हर बार बरसात में यहां मरीजों, स्वास्थ्य कर्मियों और आम लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है। ग्रामीणों प्रशांत, योगेंद्र, भीमदेव, बॉबी, प्रेमसिंह, अमन, लाल सिंह आदि ने बताया कि बाढ़ की त्रासदी को लोग अब तक नहीं भूल पाए हैं। स्वास्थ्य केंद्र परिसर मलबे से भर गया था और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था। यदि समय रहते सुरक्षा दीवार नहीं बनाई तो इस बार भी नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तटीकरण कार्य को बरसात से पहले प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता गोपाल ने बताया कि पिन पार्वती नदी पर जिस क्षेत्र में सुरक्षा दीवार लगनी थी वहां सुरक्षा दीवार लगा दी गई है और सीएचसी परिसर के साथ नदी के तटीकरण कार्य करने के लिए प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 07, 2026, 17:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kullu News: सीएचसी सैंज को बाढ़ से खतरा, नहीं लगी सुरक्षा दीवार #CHCSainjIsInDangerFromFloods #NoProtectiveWallHasBeenInstalled #SubahSamachar