सोनभद्र में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आई दो साल की मासूम, मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने किया पथराव
सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के बड़होर गांव स्थित मस्जिद तिराहे पर मंगलवार देर रात चौदह चक्का ट्रक की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। बड़होर निवासी नूर आलम की दो वर्षीय पुत्री रानादिल सड़क के किनारे मौजूद थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे चौदह चक्का ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने ट्रक को घेर लिया और ईंट-पत्थर व लाठी-डंडों से हमला कर उसके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। इससे कुछ देर के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और ट्रक व चालक को सुरक्षित कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 24, 2026, 10:06 IST
सोनभद्र में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आई दो साल की मासूम, मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने किया पथराव #CityStates #Sonebhadra #Varanasi #SonbhadraNews #RoadAccident #SonbhadraLatestNews #SubahSamachar
