Himachal News: चौपाल के कोफरधार में 10 बीघा में अवैध भांग की खेती का खुलासा, 10 लाख पौधे नष्ट

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल उपमंडल में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध भांग की खेती का भंडाफोड़ किया है। नेरवा थाना पुलिस ने कोफरधार (नगाह) क्षेत्र में करीब 10 बीघा भूमि पर उगाई गई अवैध भांग की फसल को नष्ट कर दिया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार यहां लगभग 10 लाख भांग के पौधे लगाए गए थे। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान टीम को कोफरधार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर भांग की खेती होने की जानकारी मिली। इसके बाद मौके पर राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कार्रवाई शुरू की गई। जांच में पाया गया कि एक बिस्वा भूमि में करीब 5,000 भांग के पौधे उगाए गए थे। इसी आधार पर पूरे 10 बीघा क्षेत्र में लगभग 10 लाख पौधों का अनुमान लगाया गया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 40 भांग के पौधों के नमूने जब्त किए, जबकि शेष फसल को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। इस मामले में नेरवा थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब अवैध खेती करने वालों की पहचान में जुटी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 06, 2026, 15:31 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Himachal News: चौपाल के कोफरधार में 10 बीघा में अवैध भांग की खेती का खुलासा, 10 लाख पौधे नष्ट #CityStates #Shimla #HimachalPradesh #ChopalNews #NerwaPolice #KofardharCannabis #IllegalCannabisCultivation #ShimlaNews #HimachalNews #NdpsAct #CannabisPlantsDestroyed #DrugCrackdown #HimachalPolice #SubahSamachar