कोरबा के चर्च में घुसकर बवाल: महिलाओं से हुज्जतबाजी और युवक की पिटाई, सड़क पर उतरा मसीही समाज
कोरबा जिले में आज रविवार दोपहर रजगामार चौकी क्षेत्र में स्थित चर्च में जमकर बवाल हो गया। हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों पर चर्च में घुसकर महिलाओं से हुज्जतबाजी और एक युवक की पिटाई का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग चर्च के अंदर घुस गए और वहां मौजूद महिलाओं से हुज्जतबाजी करने लगे। विरोध करने पर एक युवक के साथ जमकर मारपीट की गई। मारपीट की घटना के बाद मसीही समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित मसीही समुदाय के लोगों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और सड़क पर धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। काफी समय तक सड़क जाम रहने से आवागमन बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। कार्रवाई के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति और न बिगड़े। बता दें कि कुछ दिन पहले ही रजगामार में धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए विवाद हुआ था, तब भी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था और तनाव की स्थिति बनी थी। इस पूरे मामले पर कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनाक्रम की जानकारी ली गई है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवा दिया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 08, 2026, 13:58 IST
कोरबा के चर्च में घुसकर बवाल: महिलाओं से हुज्जतबाजी और युवक की पिटाई, सड़क पर उतरा मसीही समाज #CityStates #Crime #Chhattisgarh #Korba #SubahSamachar
