Rewari News: कोसली की गैस एजेंसी में पहुंची सीएम फ्लाइंग, जांच के बाद 147 गैस सिलिंडर किए जब्त
कोसली। सीएम फ्लाइंग और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को शहीद सुरेंद्र सिंह गैस एजेंसी पर जांच की व कुल 147 अवैध गैस सिलिंडर जब्त किए। एजेंसी संचालक के खिलाफ कोसली थाना में एफआईआर दर्ज करवाई है। सीएम फ्लाइंग टीम को सूचना थी कि कोसली गैस एजेंसी पर सिलिंडरों की आपूर्ति में गड़बड़ी हो रही है। जांच के दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर पाया गया। टीम को 26 कॉमर्शियल सिलिंडर (21 भरे और 5 खाली) कम मिले जिससे अनियमितताओं का संदेह गहरा गया। इसके बाद टीम ने गोदाम के साथ बने एक कमरे की तलाशी ली जहां से 121 अवैध सिलिंडर बरामद हुए। इनमें 32 भरे घरेलू सिलिंडर, 68 खाली घरेलू सिलिंडर, 8 अन्य एजेंसी के खाली सिलिंडर और 18 छोटे (5 किलोग्राम) सिलिंडर शामिल हैं। जांच के दौरान इन सभी सिलिंडरों का कोई रिकॉर्ड एजेंसी संचालक के पास उपलब्ध नहीं मिला जो नियमों का उल्लंघन पाया गया। खाद्य आपूर्ति विभाग के आईएफएसओ सत्यप्रकाश ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए विभाग पूरी सख्ती के साथ निगरानी कर रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।सीएम फ्लाइंग और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त जांच के आधार पर एजेंसी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जब्त किए गए सभी 147 सिलिंडर पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।- मनोज कुमार, प्रभारी, कोसली थाना गैस एजेंसी से मौके पर मिले सिलिंडर। स्रोत : विभाग
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 28, 2026, 19:22 IST
Rewari News: कोसली की गैस एजेंसी में पहुंची सीएम फ्लाइंग, जांच के बाद 147 गैस सिलिंडर किए जब्त #CMFlyingSquadRaidsKosliGasAgency;147GasCylindersSeizedFollowingInspection #SubahSamachar
