Dehradun News: सीएम ने 63 सफाई निरीक्षकों को दिए नियुक्तिपत्र

-शहरी विकास निदेशालय के नए भवन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया-बोले, चार वर्षों में 30 हजार युवाओं को दी सरकारी नौकरी अमर उजाला ब्यूरोदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहरी विकास विभाग के तहत चयनित 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्तिपत्र प्रदान किए। इसके साथ ही लगभग 62 करोड़ की अनुमानित लागत से बनने वाले शहरी विकास निदेशालय के नए भवन का वर्चुअल शिलान्यास कर कूड़ा निस्तारण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएम ने कहा, चार वर्षों में 30 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई। सोमवार को सीएम कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में नियुक्तिपत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल 63 स्थानीय नगर निकाय थे। आज 11 नगर निगम, 46 नगर पालिका परिषद और 51 नगर पंचायत सहित कुल 108 स्थानीय नगर निकाय हैं। कूड़ा प्रबंधन से लेकर नागरिकों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं के सुचारु संचालन की बड़ी जिम्मेदारी निकायों के कंधों पर होती है।सीएम ने कहा, स्थानीय निकाय हमारे शहरों के समग्र विकास के मजबूत स्तंभ हैं। सफाई निरीक्षक इसकी नींव के पत्थर हैं। नगर निकायों की प्रशासनिक और तकनीकी क्षमता को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। पिछले पांच वर्षों में शहरी निकायों में 63 अधिशासी अधिकारियों, 22 कर एवं राजस्व निरीक्षकों व 32 अवर अभियंताओं को नियुक्तिपत्र प्रदान किए जा चुके हैं।उत्तराखंड आस्था, आध्यात्म व पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। वर्ष 2027 में कुंभ मेले का आयोजन होना है और अगले महीने से चारधाम यात्रा भी प्रारंभ होने वाली है। ऐसे अवसरों पर शहरों व तीर्थस्थलों की स्वच्छता व व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना अत्यंत आवश्यक होता है। इसमें नगर निकायों की अहम भूमिका होती है। कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण व कूड़ा वाहनों की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पर्यावरण मित्रों को स्वच्छता सैनानी सम्मान के रूप में प्रोत्साहित भी किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में राज्य को और प्रयास करने होंगे।इस मौके पर विधायक खजान दास, बंशीधर भगत, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सचिव शहरी विकास नितेश झा, निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी, नगर आयुक्त देहरादून नमामि बंसल मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 16, 2026, 19:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Dehradun News: सीएम ने 63 सफाई निरीक्षकों को दिए नियुक्तिपत्र #CMGaveAppointmentLettersTo63SanitationInspectors #SubahSamachar