GPM: सीएम ने आम के पेड़ के नीचे लगाई चौपाल, ग्रामीणों से किया संवाद, समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश

प्रदेश में चल रहे सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही विकासखंड स्थित निमधा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने गांव के आम के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, राजस्व मामलों में अनियमितताओं, पेयजल तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताई और संबंधित डिविजनल इंजीनियर को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। वहीं राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन को स्वयं जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों की लखपति दीदियों ने मुख्यमंत्री को अपने कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना, निमधा गांव में मिनी स्टेडियम निर्माण तथा सर्व समाज के लिए मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसका प्रत्यक्ष फीडबैक प्राप्त करना है। उन्होंने बताया कि अब तक वे 28 जिलों का दौरा कर चुके हैं और समाधान शिविरों के साथ-साथ अचानक चौपाल लगाकर भी लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राशन, स्वास्थ्य, राजस्व, पेयजल और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नई उद्योग नीति 2024-30 का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य में 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। साथ ही उन्होंने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए प्रसिद्ध विष्णुभोग चावल के उत्पादन, ब्रांडिंग और विपणन को बढ़ावा देने की बात कही, ताकि किसानों को इसका अधिक लाभ मिल सके।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 06, 2026, 14:23 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




GPM: सीएम ने आम के पेड़ के नीचे लगाई चौपाल, ग्रामीणों से किया संवाद, समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश #CityStates #Gorella-pendra-marwahi #GpmNews #GpmTodayNews #GpmNewsToday #SubahSamachar