दिल्ली में वायु प्रदूषण से जंग: रेखा सरकार का बड़ा कदम, छह नए एयर मॉनिटरिंग स्टेशन और 100 'वायु रक्षक' शुरू
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में वायु प्रदूषण से निपटने की दिशा में एक और निर्णायक कदम उठाते हुए सोमवार को 6 नए सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन और 100 वायु रक्षकपहल का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री का कहना है कि प्रदूषण के विरुद्ध लड़ाई केवल सर्दियों की नहीं, बल्कि पूरे साल चलने वाला अभियान है और दिल्ली सरकार इसके लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा व पर्यावरण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने निगरानी स्टेशनों का ऑनलाइन उद्धाटन किया और वायु रक्षकको हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि दिल्ली में पिछली सरकार की घोर लापरवाही के चलते वायु प्रदूषण लगातार गंभीर बन गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए उनकी सरकार लगातार गंभीर व प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण पर काम करना सिर्फ तीन-चार महीनों की जिम्मेदारी नहीं है। यह 365 दिन का विषय है। दिल्ली सरकार अपने संकल्प को आज फिर दोहरा रही है कि राजधानी को साफ, स्वच्छ और सांस लेने योग्य हवा देना हमारा कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (डीटीसी) आज देश में लगभग 4000 ईवी बसों का सबसे बड़ा बेड़ा रखती है और 2028 तक 14,000 क्लीन फ्यूल बसों को दिल्ली में लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही कूड़े के पहाड़ को खत्म करने, वेस्ट टू एनर्जी, मिस्ट स्प्रे, लिटर पिकर, मैकेनिकल रोड स्वीपर, एंटी स्मोग और ग्रीन कवर का विस्तार जैसे कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई लंबी है, रोज काम करना होगा और हम करके रहेंगे। दिल्ली को बेहतर हवा भी देंगे और हरी-भरी दिल्ली भी बनाएंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 18:52 IST
दिल्ली में वायु प्रदूषण से जंग: रेखा सरकार का बड़ा कदम, छह नए एयर मॉनिटरिंग स्टेशन और 100 'वायु रक्षक' शुरू #CityStates #DelhiNcr #VayuRakshak #AirPollution #RekhaGupta #SubahSamachar
