काशी दौरे पर पहुंचे सीएम योगी: बाबा विश्वनाथ के करेंगे दर्शन, कल कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की देंगे सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। वह श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद रोहनिया स्थित होटल लेमन ट्री में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु के बेटे की शादी समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री रात 7:10 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां रात्रि विश्राम करेंगे। बुधवार को प्रदेश के माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के साथ ही शिक्षामित्रों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की सौगात देंगे। बुधवार को ही मुख्यमंत्री मिर्जापुर जाएंगे। डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री 8 जुलाई (बुधवार) को सुबह 9:50 बजे सर्किट हाउस से चांदमारी स्थित अंतरराष्ट्रीय हस्तकला संकुल के लिए रवाना होंगे। सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच वह बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का शुभारंभ करेंगे। साथ ही डीबीटी के माध्यम से प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में सीधे धनराशि ट्रांसफर करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन हेलिपैड से राजकीय हेलिकॉप्टर से मिर्जापुर के विंध्याचल के लिए रवाना होंगे। वाराणसी मंडल के चारों जिलों, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली के हजारों शिक्षाकर्मियों को इसका लाभ मिलेगा। बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक हेमंत राव ने बताया कि वाराणसी मंडल के 7,417 बेसिक विद्यालयों में कार्यरत कुल 66,205 पात्र कर्मियों को सीधे तौर पर इसका लाभ मिलेगा। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित और आपातकालीन रूट पर विशेष इंतजाम रहेंगे। छुट्टा पशुओं को पकड़ने वाली टीम सक्रिय रहेगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि वीआईपी रूट पर तीन शिफ्ट में सफाई कराई जाएगी। इसके लिए कर्मियों की तैनाती की गई है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 07, 2026, 16:12 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




काशी दौरे पर पहुंचे सीएम योगी: बाबा विश्वनाथ के करेंगे दर्शन, कल कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की देंगे सौगात #CityStates #Varanasi #KashiVishwanathTemple #VaranasiNews #CmYogiVaranasiVisitToday #SubahSamachar