Delhi NCR News: कोकीन सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार
-उत्तर पश्चिम जिला स्पेशल टास्क फोर्स ने अशोक विहार से पकड़ा-आरोपी की पहली बार हुई गिरफ्तारी, पुलिस सिंडिकेट का पता लगाने में जुटीअमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। उत्तर पश्चिम जिला स्पेशल टास्क फोर्स ने अशोक विहार इलाके में कोकीन सप्लाई करने आए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पहचान अभिषेक अस्थाना के रूप में हुई है। उसके कब्जे से पुलिस ने 11 ग्राम कोकीन और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे सिंडिकेट और इससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि जिले की एसटीएफ की टीम लगातार ड्रग तस्करों पर निगरानी रख रही थी। पुलिस टीम ने मुखबिरों को इलाके में सक्रिय किया। निरीक्षक संदीप यादव को एक सप्लायर के अशोक विहार इलाके में ड्रग्स सप्लाई में सक्रिय होने की जानकारी मिली। टीम गठित कर पुलिस ने सप्लायर पर निगरानी शुरू की। 2 मार्च को पुलिस टीम ने स्कूटी से आए विजय विहार फेज-1 रोहिणी निवासी अभिषेक अस्थाना को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11 ग्राम कोकीन तथा एक स्कूटी बरामद की। बरामद कोकीन की कीमत 10 लाख रुपये आंकी गई है। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी अभिषेक अस्थाना ड्रग सिंडिकेट संचालित करने में संलिप्त था तथा हाल ही में उसने उत्तर-पश्चिम जिले में ड्रग तस्करी नेटवर्क को बढ़ाया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभिषेक अस्थाना पहली बार पुलिस गिरफ्त में आया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 08, 2026, 18:59 IST
Delhi NCR News: कोकीन सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार #CocaineSupplierArrested #SubahSamachar
