फूटा गैस बम: कॉमर्शियल सिलिंडर के दाम बढ़े, रेहड़ी से लेकर होटल-रेस्टोरेंट तक हाहाकार; खाना-पीना सब महंगा
कॉमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में 993 रुपये की भारी-भरकम बढ़ोतरी के बाद चंडीगढ़ में इसकी कीमत 3092 रुपये हो गई है। इसका सीधा असर शहर के फूड कारोबार पर पड़ा है। सुबह से ही सेक्टर-17, सेक्टर-9, इंडस्ट्रियल एरिया, मोहाली के फेज-2 और पंचकूला के बाजारों में दुकानदारों ने नए रेट लागू करने शुरू कर दिए। 50 रुपये का हाफ प्लेट कढ़ी-चावल 60 रुपये, 80 रुपये की थाली 100-120 रुपये तक पहुंच गई। चाय 10-15 रुपये से बढ़कर 20 रुपये और पनीर जैसी डिशेज 20-25 रुपये महंगी हो गई हैं। वहीं, मध्यम से बड़े कारोबारियों का कहना है कि महीने में 20-25 सिलिंडर की खपत पर 25-30 हजार रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है जिसे बिना दाम बढ़ाए संभालना संभव नहीं है। सेक्टर-9 में रेहड़ी लगाने वाले राहुल ने बताया कि महीने में करीब 25 सिलिंडर की खपत होने से उन पर सीधे 30 हजार रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ गया है। उनका कहना है कि अगर थाली के दाम बढ़ाते हैं तो ग्राहक कम हो जाते हैं और नहीं बढ़ाते तो घाटा उठाना पड़ता है। चाय विक्रेता कुलदीप ने कहा कि दूध और चीनी पहले ही महंगे हो चुके थे, अब गैस के दाम बढ़ने से 10 रुपये की चाय को 20 रुपये करना मजबूरी बन गई है। वहीं फास्ट फूड विक्रेता अजय पासवान ने बताया कि दाम बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें खाने की मात्रा भी कम करनी पड़ रही है। शंभू यादव का कहना है कि मौजूदा हालात में कारोबार चलाना चुनौती बन गया है और ग्राहक कम होने से आमदनी भी प्रभावित हो रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 02, 2026, 10:09 IST
फूटा गैस बम: कॉमर्शियल सिलिंडर के दाम बढ़े, रेहड़ी से लेकर होटल-रेस्टोरेंट तक हाहाकार; खाना-पीना सब महंगा #CityStates #Chandigarh #Mohali #Panchkula #CommercialCylinderRate #ChandigarhStreetVendor #FoodCost #SubahSamachar
