Open Gym: उपकरणों पर लगी बदहाली की जंग, कुछ चोरी हुए-कुछ बन गए कबाड़, सूख रहे कपड़े
हाथरस जिले में खूब खेलो-खूब बढ़ो मिशन को परवान चढ़ाने के लिए 25 ग्राम पंचायतों में ओपन जिम बनाए गए, जिस पर 75 लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन आज इनके उपकरण जंग लगने से कबाड़ बन गए हैं, कुछ स्थानों पर तो चोरी हो गए। इनमें सेहत बनाने जाने वाले युवाओं का भी अब मोह भंग हो गया है। प्रत्येक जिम पर करीब तीन लाख रुपये खर्च किए गए थे। गांवों में भी फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ट्विस्टर, लेग-प्रेस और चेस्ट-प्रेस जैसे उपकरण लगाए गए थे। दावा यह था कि ये उपकरण बिना बिजली के चलेंगे और मौसम की मार भी सह लेंगे, लेकिन अब ये उपकरण जंग लगने से खराब हो चुके हैं। उपकरणों पर कसरत करने का सही तरीका न जानने की वजह से भी कुछ उपकरण खराब हुए हैं। अब यहां युवाओं ने भी जाना बंद कर दिया है, जिन मैदानों में यह लगाए गए थे, वहां घास उग आई है। ग्रामीणों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए ओपन जिम बनवाए गए हैं। रखरखाव में कहां कमी रही, इसकी समीक्षा की जाएगी। रखरखाव बेहतर किया जाएगा। संबंधित ग्राम प्रधानों से इसमें सहयोग लिया जाएगा। सभी ग्राम पंचायतों में इन्हें फिर से क्रियाशील कराकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।-पीएन दीक्षित, सीडीओ। जिम तो बनाया लेकिन उसकी देखभाल की व्यवस्था नहीं की गई, उपकरण खराब हो गए तो ठीक नहीं कराए गए।-संतोष, चुरसैन। सारा सामान टूट गया, कुछ चोरी हो चुका है। अब जिम के नाम पर केवल कुछ खंभे बचे हैं।-शहनवाज, चुरसैन। कुछ अराजक तत्व द्वारा सामान को तोड़ दिया गया है।पार्क में पशु बांधे जाते हैं, इस पर किसी का ध्यान नहीं है।-डाबर सिंह निवासी गांव पवलोई। पार्क में कपड़े सूखते हैं। पार्क की कोई चहारदिवारी नहीं कर रखी है। उपकरणों को शरारती लोगों ने तोड़ दिया है।-अशोक कुमार निवासी गांव पवलोई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 16, 2026, 10:47 IST
Open Gym: उपकरणों पर लगी बदहाली की जंग, कुछ चोरी हुए-कुछ बन गए कबाड़, सूख रहे कपड़े #CityStates #Hathras #UttarPradesh #OpenGym #OpenGymEquipment #HathrasNews #GymHathras #ManakpurHathras #SubahSamachar
