Udaipur News: NEET पेपर लीक मामले में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया

आज शहर के चेतक सर्कल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से देशभर के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं और युवाओं का भरोसा कमजोर पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और छात्रों को न्याय दिलाया जाए। ये भी पढ़ें:नीट 2026 पेपर लीक की इनसाइड स्टोरी:नासिक से निकला पर्चा ऐसे पहुंचा सीकर,सबने की कमाई, अब नतीजा जीरो नीट परीक्षा पेपर लीक और फिर परीक्षा रद्द किए जाने पर कांग्रेस नेता रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि 22 लाख छात्रों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने मांग की कि NTA को भंग किया जाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के उस बयान पर भी कांग्रेस नेताओं ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस शासनकाल में भी पेपर लीक हुए थे। इस पर रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि यह गैर-जिम्मेदाराना बयान है। उन्होंने कहा कि यदि किसी सरकार के समय अपराध हुआ है तो इसका मतलब यह नहीं कि दूसरी सरकार उससे बड़ा अपराध होने दे। उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ ने कहा कि NEET परीक्षा 2024, 2025 और अब 2026 तक विवादों में रही है, जिससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीकर और जयपुर में जिन लोगों के नाम सामने आए, उनके खिलाफ समय पर एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई और मामला मीडिया में आने के बाद कार्रवाई शुरू की गई। प्रदर्शन के दौरान चेतक सर्कल क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 13, 2026, 13:47 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Udaipur News: NEET पेपर लीक मामले में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया #CityStates #Rajasthan #Udaipur #UdaipurNews #NeetPaperLeakProtest #CongressProtestRajasthan #DharmendraPradhan #NeetUg2026 #NtaControversy #RajasthanCongress #SubahSamachar