Prayagraj News: रेलवे कॉलोनी में करंट लगने से आरपीएफ में तैनात कांस्टेबल की मौत

ललित नगर रेलवे कॉलोनी में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में तैनात कांस्टेबल श्रवण कुमार प्रजापति (41) की करंट लगने से मौत हो गई। नहाने के बाद घर के बाहर बंधे तार पर गीले कपड़े फैलाते वक्त हादसा हुआ। पिता को उठाने की कोशिश में बेटा भी करंट की चपेट में आ गया, गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गया। मूलरूप से प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना अंतर्गत शाहपुर गांव के रहने वाले श्रवण कुमार पत्नी संगीता और बच्चों के साथ ललित नगर रेलवे कॉलोनी में रहते थे। संगीता की मां का 20 अप्रैल को निधन हो गया था। इसी सिलसिले में शुक्रवार सुबह वह अपनी 10 वर्षीय बेटी मीठी के साथ मायके गई थीं। वहीं, रेलवे कॉलोनी में बिजली के रखरखाव का काम चल रहा है। इस दौरान खुला तार पड़ा हुआ था। श्रवण कुमार के छोटे भाई तीरथराज प्रजापति ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे श्रवण कुमार नहाने के बाद कपड़े फैलाने लगे। तभी वह करंट की चपेट में आ गए। तार उनके हाथ में आ गया और वह तार सहित जमीन पर गिर गए। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। उस वक्त घर पर कोई नहीं था। कुछ देर बाद उनका बेटा अभिनव कोचिंग से घर लौटा तो पिता को जमीन पर गिरा देख उठाने दौड़ा। उन्हें छूते ही उसे जोरदार झटका लगा और वह दूर जा गिरा। श्रवण की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे को लेकर परिजनों में रोष है। परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के एक घंटे बाद ठेकेदार मौके पर पहुंचा। श्रवण कुमार दो भाइयों में बड़े थे। छोटा भाई तीरथ राज मुंबई में रहकर काम करता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 26, 2026, 02:46 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Prayagraj News: रेलवे कॉलोनी में करंट लगने से आरपीएफ में तैनात कांस्टेबल की मौत #Crime #Death #Electrocution #SubahSamachar