Maharajganj News: स्वस्थ जीवनशैली के लिए खानपान और दिनचर्या में करें बदलाव
महराजगंज। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए खानपान और दैनिक आदतों में सकारात्मक बदलाव करना जरूरी है। नियमित संतुलित आहार, व्यायाम और पर्याप्त नींद से कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। यह बातें शनिवार को जिला अस्पताल में ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में डॉक्टरों ने कहीं। कार्यक्रम में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ ई-कचरा कम करने और उसके उचित प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।मुख्य अतिथि बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश रमन ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से संतुलित और पौष्टिक आहार लेना चाहिए। भोजन में ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करें। वहीं, चीनी, नमक, तले-भुने और जंक फूड का सेवन कम करना चाहिए।वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एवी त्रिपाठी ने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। इसके साथ ही रोजाना कम से कम आधा घंटा व्यायाम, योग या ध्यान करना चाहिए। वरिष्ठ सर्जन डॉ. विभूति शुक्ला ने कहा कि फिट रहने के लिए प्रतिदिन सात से दस हजार कदम चलने की आदत डालनी चाहिए।डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि शरीर की रिकवरी और मानसिक शांति के लिए प्रतिदिन सात से आठ घंटे की नींद जरूरी है। ईएनटी सर्जन डॉ. अनिरुद्ध चौहान ने नशे से दूर रहने की सलाह दी। मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज जायसवाल ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रखने के लिए तनाव से बचें और सकारात्मक सोच अपनाएं।वहीं, डॉ. कुंदन झा ने ई-कचरे के उचित प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल के सिद्धांत को अपनाना चाहिए। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बेवजह न फेंकें और ई-कचरे का निस्तारण निर्धारित व्यवस्था के तहत करें। कार्यक्रम में अस्पताल के डॉक्टर, पैरामेडिकल कर्मचारी और तीमारदार मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 08, 2026, 02:28 IST
Maharajganj News: स्वस्थ जीवनशैली के लिए खानपान और दिनचर्या में करें बदलाव #ConsumptionOfSugar #Salt #FriedFoods #AndJunkFoodShouldBeReduced. #SubahSamachar
