निर्माण कार्य में तेजी लाएं ठेकेदार : अनिल

कोटली (मंडी)। सदर मंडी के विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा ने मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय कोटली और सिविल अस्पताल कोटली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकासात्मक और निर्माण कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों से फीडबैक लिया।निरीक्षण के दौरान विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से चल रहे सभी निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी मांगी। उन्होंने पूछा कि कौन-कौन से भवन कब तक बनकर तैयार हो जाएंगे और किन परियोजनाओं में बजट की कमी आ रही है। विधायक ने मौके पर ही संबंधित ठेकेदारों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए काम में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। जब विधायक निर्माणाधीन सिविल अस्पताल भवन का निरीक्षण कर रहे थे तो अस्पताल के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शेखर कपूर भी अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे। बीएमओ ने अस्पताल की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए भवन निर्माण में कुछ आवश्यक परिवर्तनों के बारे में विधायक को अवगत कराया और उन पर अमल करने का आग्रह किया। इस पर विधायक ने सकारात्मक रुख दिखाया। इसके बाद विधायक ने कोटली कॉलेज का रुख किया और वहां कॉलेज स्टाफ से नए शैक्षणिक सत्र के लिए छात्रों के दाखिले की प्रक्रिया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ निर्माणाधीन कून का तर वैली ब्रिज का निरीक्षण भी किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीके वर्मा, एसडीओ चुन्नीलाल आजाद, लितेश गुलेरिया, तहसीलदार सार्थक शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 23, 2026, 17:17 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




निर्माण कार्य में तेजी लाएं ठेकेदार : अनिल #ContractorsShouldAccelerateConstructionWork:Anil #SubahSamachar