Chandigarh: पीयू में आरएसएस के कार्यक्रम पर विवाद, विरोध कर रहे छात्रों को पुलिस ने किया डिटेन
चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी के लॉ ऑडिटोरियम में सोमवार को गुरु तेग बहादुर जी के जन्म दिहाड़े को समर्पित कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर आरएसएस के बनवीर सिंह के पहुंचने का विद्यार्थियों ने विरोध किया। विरोध कर रहे छात्रों ने कार्यक्रम से पहले ही कैंपस में प्रदर्शन करते हुए पीयू प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे विद्यार्थियों को पुलिस ने स्टूडेंट सेंटर के पास ही रोक लिया और कई छात्रों को वहीं डिटेन कर लिया। इस दौरान पुलिस और विद्यार्थियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्यक्रम स्थल के आसपास पुलिस की भारी तैनाती रही, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। वहीं विरोध कर रहे विद्यार्थियों ने कहा कि बनवीर सिंह ना तो कोई सिख इतिहासकार है और ना ही कोई विद्वान। वह पहले भी विवादों में रहे हैं। ऐसे लोगों को विश्वविद्यालय में वक्ता के तौर पर बुलाना निंदनीय है। वहीं पीयूसीएसी अध्यक्ष गौरववीर सिंह ने कहा कि सभी को अपना विचार रखने का अधिकार है। आरएसएस सभी धर्म का सम्मान करती है। इस कार्यक्रम का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 09, 2026, 12:11 IST
Chandigarh: पीयू में आरएसएस के कार्यक्रम पर विवाद, विरोध कर रहे छात्रों को पुलिस ने किया डिटेन #CityStates #Chandigarh #ChandigarhPu #PanjabUniversity #Rss #SubahSamachar
